डीडवाना-कुचामन। जिले के मकराना कस्बे में ज्वैलर्स की दुकान में हुई चर्चित नकबजनी की वारदात में डीडवाना-कुचामन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पारदी गैंग के सक्रिय सदस्य और 5,100 रुपये के ईनामी आरोपी रामनिवास मोग्या को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इसी मामले में दो नकबजन और उनकी एक महिला सहयोगी को गिरफ्तार कर चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात तथा वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की जा चुकी है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र शर्मा और वृताधिकारी विक्की नागपाल के सुपरविजन में मकराना थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 5,100 रुपये का इनाम घोषित था।
29 जनवरी की रात को हुई थी वारदात
29 जनवरी 2026 को मकराना निवासी सुरेन्द्र कुमार सोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अस्पताल रोड स्थित उनके अजमेर ज्वैलर्स शोरूम का शटर तोड़कर बदमाश अंदर घुस गए। चोरों ने चैनल गेट के तीन ताले काटे, मजबूत कांच तोड़ा और करीब 40 किलो चांदी के आभूषण एवं बर्तन, 158 ग्राम सोने के जेवरात चोरी कर लिए। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

500 से ज्यादा सीसीटीवी खंगालकर पुलिस पहुंची गैंग तक
वारदात के बाद गठित विशेष टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और मकराना, कुचामन सहित पूरे रूट के लगभग 400 से 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने पहले ललित शर्मा, विजय मोग्या और उनकी महिला सहयोगी को गिरफ्तार कर चोरी का माल और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की थी। इसके बाद लगातार दबिश देते हुए अब गैंग के सक्रिय सदस्य और ईनामी आरोपी रामनिवास मोग्या को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी रामनिवास पर कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रामनिवास मोग्या के खिलाफ मध्यप्रदेश और राजस्थान में चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम सहित कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी लंबे समय से पुलिस की तलाश में था।

एसपी डॉ प्यारे लाल शिवरान ने की टीम की हौंसला अफजाई
पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान ने मकराना थाना पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि संगठित अपराध और संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल अपराधियों के खिलाफ जिले में लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने थानाधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा और उनकी पूरी टीम की मेहनत, तकनीकी जांच और लगातार की गई कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए कहा कि इसी समन्वित प्रयास के कारण मामले में एक के बाद एक सफलता मिली है। उन्होंने निर्देश दिए कि फरार अपराधियों के खिलाफ भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रखी जाए।

टीम वर्क से मिली कामयाबी – थानाधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा
थानाधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा ने बताया कि पुलिस टीम ने लगातार तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए ईनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है और यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थानाधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा, हेड कांस्टेबल हरफूल और महेन्द्र कुमार, तथा कांस्टेबल नंदराम, सुखदेव, केशाराम, रघुनाथ गुर्जर और रामेश्वरलाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
