गनेड़ी में आधुनिक इस्लामिक शिक्षण संस्थान MWC एजुकेशन इंस्टीट्यूट का शुभारंभ, बोले युनूस खान — यहां के तुलबाओं के एक हाथ में कुरान, तो दूसरे में होंगे लैपटॉप”

“तालीम ही से पाती है इंसानियत फ़रोग़,

इंसान ज़िंदा लाश है तालीम के बग़ैर।”

इसी मशहूर शेर के साथ डीडवाना विधायक युनूस खान ने सीकर जिले के गनेड़ी में रविवार को आयोजित MWC एजुकेशन इंस्टीट्यूट (मदरसा) के शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने कहा गनेड़ी के लोगों के लिए आज का दिन किसी ईद से कम नहीं ।

 इससे पहले हजारों लोगों की मौजूदगी में MWC आधुनिक इस्लामिक शिक्षण संस्थान का विधिवत शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में प्रदेशभर से इस्लामिक विद्वान, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए।

दीनी और दुनियावी तालीम का संगम बनेगा संस्थान

गनेड़ी में शुरू हुआ यह आधुनिक इस्लामिक शिक्षण संस्थान दीनी और दुनियावी तालीम का अनूठा संगम बनेगा। यहां अरबी और उर्दू के साथ हिंदी और अंग्रेजी भाषा की शिक्षा भी दी जाएगी। इसके अलावा आधुनिक कंप्यूटर लैब की स्थापना की गई है, ताकि मदरसे के तुलबा धार्मिक शिक्षा के साथ तकनीकी शिक्षा भी प्राप्त कर सकें।

मुस्लिम वेलफेयर कमेटी ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारियों ने कहा कि उनका मकसद ऐसे नौजवान तैयार करना है जिनके “एक हाथ में कुरान हो और दूसरे हाथ में लैपटॉप।”

1.5 करोड़ की लागत से तैयार हुआ संस्थान

मदरसे का निर्माण कार्य वर्ष 2023 में शुरू हुआ था, जो 2026 में पूर्ण हुआ। करीब 1.5 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस संस्थान की देखरेख मुस्लिम वेलफेयर कमेटी ट्रस्ट करेगा। ट्रस्ट के सदर कैप्टन अय्यूब खान के नेतृत्व में मुश्ताक खान, एडवोकेट अलादीन खान, इकबाल खान और अलादीन मणियार सहित पूरी टीम ने संस्थान को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

विधायक युनूस खान बोले – शिक्षा से ही बदलेगी कौम की तस्वीर

अपने संबोधन में डीडवाना विधायक युनूस खान ने कहा कि उनका शुरू से सपना था कि गनेड़ी क्षेत्र में ऐसा तालीमी इदारा बने जहां बच्चों को दीनी और आधुनिक दोनों तरह की शिक्षा मिल सके। उन्होंने कहा कि आज के दौर में सिर्फ किताबों की नहीं बल्कि हुनर और तकनीक की भी जरूरत है।

उन्होंने कहा कि ईमान भी हो और हुनर भी हो, यही इस्लाम सिखाता है। जब तक हमारी नई पीढ़ी शिक्षा और तकनीक से नहीं जुड़ेगी, तब तक समाज तरक्की की दौड़ में पीछे रहेगा।

कैप्टन अय्यूब खान ने बताया संस्थान का उद्देश्य

मुस्लिम वेलफेयर कमेटी ट्रस्ट के सदर कैप्टन अय्यूब खान ने कहा कि यह संस्थान सिर्फ मदरसा नहीं बल्कि समाज के भविष्य को संवारने का केंद्र बनेगा। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में इसे आवासीय शिक्षण संस्थान के रूप में भी विकसित किया जाएगा, जिसके लिए आवश्यक निर्माण कार्य पूरे कर लिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य बच्चों को ऐसा माहौल देना है जहां वे अच्छे इंसान बनने के साथ समाज और देश के लिए उपयोगी नागरिक भी बन सकें।

एडवोकेट अलादीन खान बोले – शिक्षा ही समाज की असली ताकत

राजस्थान हाईकोर्ट के अधिवक्ता  और संस्थान  की तामीर में अहम भूमिका निभाने वाले एडवोकेट अलादीन खान ने बताया कि संस्था ने भविष्य के लिए कई बड़े लक्ष्य तय किए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही किसी भी समाज की असली ताकत होती है और गनेड़ी का यह संस्थान आने वाले समय में पूरे क्षेत्र के लिए मिसाल बनेगा।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं में पिछले कुछ वर्षों में शिक्षा के प्रति जागरूकता तेजी से बढ़ी है और आज यहां के युवा मेडिकल, आर्मी, चार्टर्ड अकाउंटेंसी सहित कई क्षेत्रों में सफलता हासिल कर रहे हैं।

इस्लामिक विद्वानों ने दी तरबियत और इंसानियत की सीख

कार्यक्रम में मौजूद इस्लामिक विद्वान मौलाना हनीफ साहब ने अपनी तकरीर में कहा कि इस्लाम इंसानियत, अच्छे अखलाक और मोहब्बत का पैगाम देता है। उन्होंने कहा जो धोखा देता है, वो हम में से नहीं। हमें अपनी औलाद की तरबियत बेहतर करनी होगी।

उन्होंने कहा कि समाज में मजबूती तभी आएगी जब लोग अपने पड़ोसियों से अच्छा व्यवहार करेंगे, चाहे वह किसी भी मजहब से क्यों न हों।

वहीं मौलाना महमूद साहब ने कहा कि आज मुस्लिम समाज मुआशरत के स्तर पर कमजोर होता जा रहा है, जिसका सबसे बड़ा कारण आपसी दूरियां और ईर्ष्या है।  उन्होंने युवाओं से आपसी भाईचारे और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की अपील करते हुए कहा कि एक-दूसरे से जलन, हसद और बुराइयां करना बंद करें। एक-दूसरे की टांग खींचने के बजाय आगे बढ़ाने का काम करें।  कामयाबी का रास्ता कुरान और नबी की सीरत से होकर गुजरता है।

प्रदेशभर से पहुंचे लोग, प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

समारोह में डीडवाना शहर काजी रेहान उस्मानी, मौलाना निसार अहमद, मौलाना इदरीस और मौलाना रशीद सहित कई इस्लामिक विद्वान मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार मुबारक खान ने किया।

इस अवसर पर मदरसे की तामीर में सहयोग देने वाले भामाशाहों का सम्मान किया गया। साथ ही शिक्षा, मेडिकल, आर्मी और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले गनेड़ी क्षेत्र के युवाओं को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि गनेड़ी के लिए यह सिर्फ एक संस्थान का उद्घाटन नहीं बल्कि शिक्षा और तरक्की के नए दौर की शुरुआत है।

error: News 1 Rajasthan