डीडवाना के शहीद सुल्तान खा राउमावि चौलूखाँ के स्काउटस का कमाल, 5 विद्यार्थियों ने जीता राज्य स्तरीय पुरस्कार

डीडवाना, शहीद सुल्तान खां राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, चौलूखाँ के स्काउट-गाइड विद्यार्थियों ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। यूनिट लीडर छीगन लाल रोहलन के निर्देशन में पांच स्काउट्स ने राज्य स्तरीय स्काउट-गाइड पुरस्कार हासिल कर एक बार फिर इतिहास रच दिया।

राज्य स्तरीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में विशाल मेघवाल, बाबूलाल मेघवाल, प्रिन्स मेघवाल, अभिषेक प्रजापत और सचिन प्रजापत शामिल हैं। इन विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से पूरे विद्यालय में हर्ष का माहौल है।

विद्यालय की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि अब तक इस संस्थान के कुल 15 विद्यार्थी राज्य स्तरीय स्काउट-गाइड सम्मान प्राप्त कर चुके हैं, जो विद्यालय की मजबूत स्काउटिंग परंपरा को दर्शाता है।

इस अवसर पर विद्यालय के संस्था प्रधान दीनदयाल रोहलन ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि स्काउट-गाइड गतिविधियां बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा भाव का विकास करती हैं। हमारे विद्यार्थियों ने जिस समर्पण और मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है, वह अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। विद्यालय भविष्य में भी ऐसे ही उत्कृष्ट परिणाम देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।


वहीं यूनिट लीडर छीगन लाल रोहलन ने बताया कि इन विद्यार्थियों ने कठिन प्रशिक्षण, नियमित अभ्यास और सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी के माध्यम से यह उपलब्धि हासिल की है। स्काउटिंग केवल पुरस्कार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की कला सिखाती है। हमें अपने बच्चों पर गर्व है और आगे भी उन्हें और बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार किया जाएगा।

विद्यालय परिवार, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

error: News 1 Rajasthan