डीडवाना-कुचामन जिले के शिक्षा विभाग ने इस बार ‘नो-बैग डे’ को ज्ञान के साथ सुरक्षा से भी जोड़ दिया है। शिक्षा विभाग ने विभिन्न बैंकों के सहयोग से एक अभिनव पहल की है, जिसके तहत विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड से बचाव के तरीके सिखाए जाएंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) अजीत सिंह देथा ने बताया कि इस अभियान के तहत जिले के सभी विद्यालयों में प्रत्येक शनिवार को ‘नो-बैग डे’ के अवसर पर बैंक प्रतिनिधि विद्यालयों में पहुंचेंगे। वे प्रार्थना सभा में शिक्षकों और विद्यार्थियों को आजकल बढ़ते ऑनलाइन ठगी के मामलों की जानकारी देंगे और उनसे बचाव के आसान उपाय भी बताएंगे। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) कार्यालय की ओर से समस्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों, यूसीईईओ/पीईईओ, प्रधानाचार्यों एवं संस्था प्रधानों को निर्देश जारी किए गए हैं . देथा ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मोबाइल और डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग सिखाना, बैंकिंग कार्यप्रणाली की समझ बढ़ाना और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक समाज का निर्माण करना है।
इस पहल में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, जिला डीडवाना-कुचामन भी सहभागी होगी। पंचायत द्वारा बैंकों और पुलिस विभाग के सहयोग से विद्यार्थियों के माध्यम से कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा, ताकि समाज में व्यापक स्तर पर जागरूकता फैलाई जा सके। विद्यालयों में इन जागरूकता कार्यशालाओं में भाग लेने वाले बैंक और पुलिस अधिकारी, साथ ही आयोजन में शामिल शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज की जाएगी, जिससे कार्यक्रम की निरंतरता और प्रभाव सुनिश्चित हो सके। शिक्षा विभाग का यह प्रयास न केवल विद्यार्थियों को डिजिटल युग में सुरक्षित रहने की सीख देगा, बल्कि उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में भी प्रेरित करेगा।
