42 करोड़ के GST घोटाले में बड़ा खुलासा: तीन और सहयोगी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी सहित अब तक हो चुकी कुल 7 गिरफ्तारियां

60 फर्मों के जरिए 41-42 करोड़ के फर्जी लेनदेन का मामला; 65 लाभार्थी फर्मों को करीब 10 करोड़ की ITC का अनुचित लाभ पहुंचाने के प्रारंभिक तथ्य, ठेकेदारों और व्यापारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में

डीडवाना। डीडवाना-कुचामन जिले में करोड़ों रुपये के फर्जी GST और इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) घोटाले में पुलिस की कार्रवाई लगातार आगे बढ़ रही है। मुख्य आरोपी चार्टर्ड अकाउंटेंट मोहम्मद एहसान कुरैशी सहित पहले चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनमें से दो आरोपी CA हैं। इस तरह इस बहुचर्चित मामले में अब तक कुल सात आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।

ताजा कार्रवाई में पुलिस ने अम्मार साबिर अली, मनीष कुमार और बसंत कुमार को अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर डिटेन किया। पूछताछ और अनुसंधान के बाद तीनों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, ये तीनों मुख्य आरोपी एहसान कुरैशी के सहयोगी और कथित षड्यंत्र में शामिल थे।

पुलिस के प्रारंभिक अनुसंधान में करीब 60 फर्मों के माध्यम से 41 से 42 करोड़ रुपये के फर्जी लेनदेन का मामला सामने आया है। वहीं, करीब 65 लाभार्थी फर्मों के माध्यम से लगभग 10 करोड़ रुपये की ITC का अनुचित लाभ पहुंचाने के तथ्य भी सामने आए थे। पुलिस को इस पूरे नेटवर्क का दायरा और बड़ा होने की आशंका है।

तीन और आरोपी गिरफ्तार

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए इन आरोपियों में CA अम्मार साबिर अली (35) पुत्र साबिर अली निवासी 321 कमला नेहरू नगर, जोधपुर, CA मनीष कुमार खंडेलवाल (34) पुत्र मधुसदन शर्मा निवासी खारड़िया, थाना नावां शहर, जिला डीडवाना-कुचामन तथा बसंत कुमार (30) पुत्र सोहनलाल रेवाड़ निवासी तुनवा, पुलिस थाना नेछवा, जिला सीकर शामिल हैं।

पुलिस ने तीनों को मुख्य आरोपी के कथित सहयोगी के रूप में गिरफ्तार किया है। इनसे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क में उनकी भूमिका और अन्य जुड़े लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

ऐसे चल रहा था करोड़ों के फर्जी GST घोटाले का खेल

जांच में सामने आया कि आरोपी विभिन्न फर्मों के GST पंजीकरण, दस्तावेजों और डिजिटल पहचान का दुरुपयोग कर फर्जी इनवॉइस तैयार करते थे। जिन फर्मों के बीच वास्तविक रूप से माल का क्रय-विक्रय नहीं हुआ था, उनके बीच भी कागजों में करोड़ों रुपये की खरीद-बिक्री दर्शाकर GST पोर्टल पर फर्जी लेनदेन अपलोड किए जाते थे।
अनुसंधान में यह भी सामने आया कि संबंधित फर्मों की ई-मेल आईडी और पासवर्ड में बदलाव कर उनके GST पोर्टल का नियंत्रण अपने पास रखा जाता था। इसके माध्यम से फर्जी लेनदेन दर्शाकर ITC का अनुचित लाभ प्राप्त करने का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था।
इस फर्जीवाड़े से फर्म मालिकों को आर्थिक नुकसान पहुंचने के साथ-साथ सरकारी राजस्व को भी क्षति होने की बात सामने आई है।

पहले चार गिरफ्तारियां, अब तीन और आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

इस मामले में पुलिस थाना डीडवाना में मुकदमा नंबर 77/2026 दिनांक 16 अप्रैल 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(3), 336(3) और 340(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार, इस तरह की घटनाओं से संबंधित कुल आठ प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं।

सबसे पहले मुख्य आरोपी चार्टर्ड अकाउंटेंट मोहम्मद एहसान कुरैशी को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद 21 नवंबर 2026 को उसके कथित सहयोगी पंकज शर्मा, रामपाल शर्मा और आसिफ कुरैशी को गिरफ्तार किया गया। अब पूछताछ और अनुसंधान के आधार पर अम्मार साबिर अली, मनीष कुमार और बसंत कुमार की गिरफ्तारी हुई है। इस प्रकार कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या सात हो गई है।

थानाधिकारी मोहन सिंह के नेतृत्व में चल रहा अनुसंधान, तकनीकी सहायता से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

इस पूरे मामले का अनुसंधान डीडवाना थाना प्रभारी एवं पुलिस निरीक्षक मोहन सिंह के नेतृत्व में किया जा रहा है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए मुख्य आरोपी के सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया था।


पुलिस के अनुसार, बेहतर फील्ड इंटेलिजेंस, आसूचना संकलन और तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपियों की पहचान कर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई। पहले तीन सहयोगियों की गिरफ्तारी के बाद उनसे गहन पूछताछ की गई, जिसके आधार पर तीन अन्य आरोपियों तक पुलिस पहुंची।

प्रकरण के अनुसंधान अधिकारी एवं डीडवाना थाना प्रभारी मोहन सिंह के अनुसार, मामला गंभीर आर्थिक अपराध से जुड़ा है। प्रारंभिक अनुसंधान में बड़े स्तर पर फर्जी GST लेनदेन और ITC घोटाले के तथ्य सामने आए हैं। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसके सहयोगियों की भूमिका की जांच के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं। पुलिस निरीक्षक मोहन सिंह के अनुसार, फील्ड इंटेलिजेंस, आसूचना संकलन और तकनीकी सहायता से अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस GST रिकॉर्ड, फर्मों के दस्तावेजों, बैंक लेनदेन और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, ठेकेदारों, व्यापारियों और लाभार्थी फर्मों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

एसपी डॉ. प्यारे लाल शिवरान के निर्देशन में कार्रवाई

यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा एवं वृत्ताधिकारी उम्मेश गुप्ता के सुपरविजन में की जा रही है। डीडवाना थाना प्रभारी मोहन सिंह के नेतृत्व में गठित टीम लगातार अनुसंधान और गिरफ्तारी की कार्रवाई में जुटी है।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

इस कार्रवाई में मोहन सिंह पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी, रामेश्वर लाल उपनिरीक्षक, कल्याण सिंह सहायक उपनिरीक्षक, गोपालराम कांस्टेबल, सचिन कांस्टेबल, नरसी राम कांस्टेबल, किशोर कुमार कांस्टेबल और मदन गोपाल कांस्टेबल सहित डीडवाना थाना पुलिस की टीम शामिल रही।

अभी और खुलासों की संभावना

पुलिस के अनुसार, इस पूरे फर्जी ITC नेटवर्क में कई अन्य ठेकेदारों, व्यापारियों और फर्म संचालकों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। फर्जी लेनदेन का वास्तविक आंकड़ा और सरकारी राजस्व को हुई कुल क्षति का आकलन भी अनुसंधान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

error: News 1 Rajasthan