पार्षद और पार्षद प्रतिनिधि ने एलएंडटी टीम के साथ किया पानी के कनेक्शनों का निरीक्षण, सप्लाई और प्रेशर की ली जानकारी
कुचामन सिटी। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 38 में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या के समाधान को लेकर पार्षद साजिदा बानो ने पहल की है। सोमवार को पार्षद साजिदा बानो ने अपने पति पार्षद प्रतिनिधि पत्रकार अयूब शेख और एलएंडटी कंपनी के प्रतिनिधि अभिजीत धारा सहित कंपनी की टीम के साथ वार्ड के विभिन्न मोहल्लों में घर-घर पहुंचकर पानी के कनेक्शनों की जांच की और पेयजल आपूर्ति की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने घरों में पहुंचकर पानी के प्रेशर और सप्लाई की स्थिति की जानकारी ली। जिन घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है या पर्याप्त प्रेशर से सप्लाई नहीं मिल रही है, ऐसे घरों को चिह्नित कर उनकी सूची तैयार की गई। टीम की ओर से प्रभावित परिवारों को जल्द ही पेयजल आपूर्ति सुचारू करवाने का आश्वासन दिया गया।

इस दौरान पार्षद प्रतिनिधि अयूब शेख ने वार्डवासियों से संवाद किया और उनकी पेयजल संबंधी समस्याओं को गंभीरता से सुना। साथ ही पानी की आवश्यकता के अनुसार उसके उचित उपयोग और बचत के प्रति जागरूक किया।
महिलाओं ने भी अपनी समस्याएं पार्षद साजिदा बानो और एलएंडटी कंपनी की टीम के सामने रखीं। वार्डवासियों ने घर-घर पहुंचकर समस्या की जानकारी लेने की इस पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि जल्द ही पेयजल संकट से राहत मिलेगी।
