पुलिस की वर्दी में इंसानियत की मिसाल: थानाधिकारी सुमन बुंदेला ने जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचकर मनाई दीपावली, बांटी मिठाई और जरूरत की सामग्री

डीडवाना – कुचामन । दीपावली के पावन पर्व पर पुलिस थाना परबतसर की ओर से मानवता और सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल पेश की गई। थानाधिकारी सुमन बुंदेला के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र की झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंची और उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस दौरान गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों तथा बच्चों को मिठाई वितरित कर दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं।


पुलिस टीम को अपने बीच पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। मिठाई मिलने पर बच्चों की मुस्कान और परिवारों की प्रसन्नता देखते ही बन रही थी। पुलिस अधिकारियों ने परिवारों से आत्मीयता के साथ बातचीत की और उनके साथ कुछ समय बिताकर त्योहार की खुशियों को साझा किया।


इस अवसर पर थानाधिकारी सुमन बुंदेला ने कहा कि दीपावली खुशियों और रोशनी का त्योहार है। इस पर्व की सार्थकता तभी है, जब हम अपने साथ उन लोगों के जीवन में भी खुशियां लाने का प्रयास करें, जो किसी कारणवश त्योहार की खुशियों से वंचित रह जाते हैं। जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान लाना और उनके साथ खुशियां बांटना भी हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है। पुलिस का काम केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ जुड़कर मानवीय संवेदनाओं को भी जीवित रखना है।

पुलिस की इस पहल से झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले परिवारों में खुशी का माहौल देखने को मिला। परिवारों एवं बच्चों ने इस आत्मीय पहल के लिए पुलिस का आभार जताया।

थानाधिकारी सुमन बुंदेला की इस मानवीय पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है। पुलिस की वर्दी में जिम्मेदारी निभाने के साथ इंसानियत और संवेदनशीलता का यह चेहरा दीपावली के पर्व को और भी खास बना गया।

error: News 1 Rajasthan