कुचामन में PTCL ने रचा इतिहास! 20 हजार से ज्यादा दर्शकों की मौजूदगी में रिफॉर्मर जिम धुरंधर्स बना चैंपियन, हमजा 11 मकराना को 34 रन से हराया

कुचामन में PTCL ने रचा इतिहास! 20 हजार से ज्यादा दर्शकों की मौजूदगी में रिफॉर्मर जिम धुरंधर्स बना चैंपियन, हमजा 11 मकराना को 34 रन से हराया

22 दिन, 63 मुकाबले और 64 टीमों की भागीदारी के साथ संपन्न हुई PTCL सीजन-1 नाइट क्रिकेट लीग; 

विजेता को 5 लाख और उपविजेता को मिले 2 लाख रुपए, नदीम धनुरी बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

कुचामन सिटी। कुचामन के राजकीय खेल स्टेडियम में आयोजित PTCL (प्रो टेन क्रिकेट लीग) सीजन-1 नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन 10 और 11 अक्टूबर की दरम्यानी रात ऐतिहासिक माहौल में हुआ। प्रतियोगिता के मेगा फाइनल में रिफॉर्मर जिम धुरंधर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हमजा 11 मकराना को 34 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले को देखने के लिए स्टेडियम में 20 हजार से अधिक दर्शक मौजूद रहे। हजारों दर्शकों ने हर गेंद पर रोमांच का अनुभव किया और पूरे मुकाबले के दौरान मैदान में उत्साह का माहौल बना रहा।

इस आयोजन की खास बात यह रही कि बड़ी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी के बावजूद प्रतियोगिता शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। कुचामन और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे दर्शकों ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया और खेल भावना के साथ पूरे मैच का आनंद लिया। खिलाड़ियों, दर्शकों और आयोजन से जुड़े लोगों के बीच उत्साह ने फाइनल की रात को यादगार बना दिया।

मेगा फाइनल में धुरंधर्स की जीत, हमजा 11 मकराना 34 रन से हारी

19 सितंबर को शुरू हुई प्रतियोगिता में शुरुआती चरण में 64 टीमों ने भाग लिया। 21 दिनों के दौरान 62 मुकाबले खेले गए, जिसके बाद शनिवार रात रिफॉर्मर जिम धुरंधर्स और हमजा 11 मकराना के बीच मेगा फाइनल आयोजित हुआ। रात करीब 10:30 बजे शुरू हुए मुकाबले का टॉस मुख्य प्रायोजक SRBD ग्रुप के चेयरमैन राजकुमार माथुर ने कराया।

टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी रिफॉर्मर जिम धुरंधर्स ने निर्धारित 10 ओवर में 111 रन बनाए और प्रतिद्वंद्वी टीम के सामने 112 रन का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हमजा 11  मकराना की टीम निर्धारित 10 ओवर में 77 रन पर सिमट गई। इस तरह रिफॉर्मर जिम धुरंधर्स ने 34 रन से मुकाबला जीतकर PTCL सीजन-1 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

मैच में  रिफॉर्मर जिम धुरंधर्स की ओर से आदिल जाबासरिया ने 18 गेंदों पर 45 रन और राहुल सैनी ने 15 गेंदों पर 32 रन की तेज पारियां खेलीं। आशीष शर्मा ने 11 गेंदों पर 15 रन बनाए।  हमजा 11 की और से गेंदबाजी में इमरान ने 2 ओवर में 11 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि हुसैर शेख ने 2 ओवर में 29 रन देकर 1 विकेट और कप्तान अरबाज मकराना ने 2 ओवर में 23 रन देकर 1 विकेट हासिल किया।

जवाब में हमजा 11 की ओर से हुसैर शेख ने 17 गेंदों पर 42 रन बनाकर संघर्ष किया, और एक समय ऐसा लग रहा था कि हमजा 11 इस मुकाबले में जीत की तरफ बढ़ रही है । लेकिन हुसैर के आउट होने के बाद बाकी बल्लेबाज लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके। शाहीन लेफ्टी ने 10 गेंदों पर 9 रन और हसन भाटी ने 8 गेंदों पर 6 रन बनाए। रिफॉर्मर जिम धुरंधर्स की ओर से इजाज मंड्रेला ने 2 ओवर में 5 रन देकर 3 विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया और इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ दा मैच का पुरस्कार मिला । नदीम धनुरी ने 2 ओवर में 14 रन देकर 2 विकेट और आशीष शर्मा ने 2 ओवर में 21 रन देकर 1 विकेट हासिल किया।

एजाज मंड्रेला प्लेयर ऑफ द मैच, नदीम धनुरी बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

फाइनल मुकाबले में किफायती और प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट लेने वाले रिफॉर्मर जिम धुरंधर्स के एजाज मंड्रेला को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उनकी गेंदबाजी ने हमजा 11 मकराना की रन गति पर अंकुश लगाया और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

पूरी प्रतियोगिता में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करने वाले रिफॉर्मर जिम धुरंधर्स के कप्तान नदीम धनुरी को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के खिताब से नवाजा गया। नदीम ने प्रतियोगिता में कुल 169 रन बनाने के साथ 15 विकेट हासिल किए। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें 51 हजार रुपए की पुरस्कार राशि और ट्रॉफी प्रदान की गई।

विजेता को 5 लाख, उपविजेता को 2 लाख रुपए

PTCL सीजन-1 की विजेता रिफॉर्मर जिम धुरंधर्स को विशेष ट्रॉफी के साथ 5 लाख रुपए की पुरस्कार राशि दी गई । कुचामन सभापति महेश रामचंद्रका ने विजेता टीम को ट्रॉफी और राशि का चैक दिया 

 वहीं उपविजेता हमजा 11 मकराना को ट्रॉफी और 2 लाख रुपए प्रदान किए गए। पुरस्कार वितरण के दौरान खिलाड़ियों और टीमों में उत्साह देखने को मिला।

खिताब जीतने के बाद रिफॉर्मर जिम धुरंधर्स के कप्तान नदीम धनुरी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस बार उनकी टीम को प्रतियोगिता में खेलने के लिए बुलाया गया था, लेकिन अगली बार जब भी PTCL का आयोजन होगा, उनकी टीम खुद यहां आएगी और प्रतियोगिता में सबसे पहले अपनी एंट्री कराएगी। उन्होंने आयोजन के स्तर और व्यवस्थाओं की तारीफ करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को जिस तरह का माहौल और मंच मिला, वह यादगार है।

फाइनल से पहले प्रायोजकों और सहयोगियों का सम्मान

मेगा फाइनल से पहले आयोजित समारोह में कुचामन शहर के मशहूर डांस ग्रुप्स ने अपनी दिलकश प्रस्तुतियां दी इसके बाद प्रतियोगिता के मुख्य प्रायोजक SRBD ग्रुप के चेयरमैन राजकुमार माथुर सहित अन्य प्रायोजकों, सहयोगियों ,कमेंटेटर इरफान बट, उच्च स्तरीय अंपायरिंग की मिसाल पेश करने वाले अंपायर मयूर सोनावले और उनकी टीम , उच्च स्तरीय लाइव स्ट्रीमिंग करने वाली टीम ओर आयोजन में योगदान देने वाले सभी लोगों का सम्मान किया गया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार भी जताया गया।

इस अवसर पर आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था और व्यवस्थाएं बनाए रखने में सहयोग के लिए कुचामन पुलिस का आभार व्यक्त किया गया। कुचामन थानाधिकारी राजेंद्र खदाव का भी अभिनंदन किया गया। आयोजन समिति ने पुलिस प्रशासन और सभी सहयोगियों के योगदान को प्रतियोगिता के सफल समापन में महत्वपूर्ण बताया।

थानाधिकारी राजेंद्र खदाव बोले, ऐसा आयोजन पहली बार देखा

कुचामन थानाधिकारी राजेंद्र खदाव ने PTCL प्रतियोगिता को ऐतिहासिक बताते हुए आयोजकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वे स्वयं क्रिकेट के शौकीन हैं और कई प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं, लेकिन इस स्तर का आयोजन पहली बार देखने को मिला। कुचामन जैसे शहर में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता जैसी व्यवस्थाओं के साथ आयोजन करना बड़ी बात है।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता की भव्यता, खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई गई सुविधाएं, दर्शकों का उत्साह और मैचों की व्यवस्थाएं प्रभावित करने वाली हैं। इतने बड़े आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए पूरी आयोजन टीम बधाई की पात्र है। उन्होंने आयोजकों को भविष्य में भी ऐसे आयोजन करते रहने की शुभकामनाएं दीं।

राजकुमार माथुर बोले, कुचामन हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा

PTCL के मुख्य प्रायोजक SRBD ग्रुप के चेयरमैन राजकुमार माथुर ने कहा कि कुचामन हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। यहां ऐसे आयोजन हो रहे हैं, जो दूसरे क्षेत्रों के लिए भी मिसाल बन सकते हैं। PTCL भी इसी तरह का आयोजन है, जिसने खेलों के क्षेत्र में शहर की क्षमता और यहां के लोगों के सहयोग की भावना को सामने रखा है।

माथुर ने कहा कि प्रतियोगिता की सफलता में कुचामन के लोगों का पूरा सहयोग मिला। इस आयोजन ने साबित किया है कि यहां के लोगों में रचनात्मकता है, कुछ अलग करने का जज्बा है और वे किसी भी काम को सफल मुकाम तक पहुंचाने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने आयोजन समिति और पूरी टीम को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता जैसा आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए बधाई दी और आने वाले आयोजनों के लिए शुभकामनाएं दीं।

लेजर लाइट शो बना आकर्षण का केंद्र

PTCL प्रतियोगिता के दौरान संगीत और मनोरंजन ने भी दर्शकों का उत्साह बनाए रखा। DJ शब्बीर और DJ सेम ने अपने म्यूजिक से पूरे आयोजन का माहौल बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट जैसा बना दिया। फाइनल के दौरान प्रस्तुत लेजर लाइट शो दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहा।

कुचामन में क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान इस तरह का लेजर शो पहली बार देखने को मिला। रंग-बिरंगी रोशनी, संगीत और स्टेडियम का माहौल दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। हजारों दर्शकों ने इस प्रस्तुति की सराहना की।

कुचामन ही नहीं, राजस्थान के खेल आयोजनों के लिए बनी नई मिसाल

PTCL सीजन-1 ने स्थानीय स्तर पर नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता के आयोजन को नया आयाम दिया। 64 टीमों की भागीदारी, 22 दिनों तक चले मुकाबले, 20 हजार से अधिक दर्शकों की मौजूदगी वाला फाइनल, आकर्षक पुरस्कार राशि और बेहतर व्यवस्थाओं ने प्रतियोगिता को खास पहचान दी।

PTCL के सफल आयोजन में आयोजन समिति के श्याम पारीक, प्रेम शर्मा, मदन शर्मा, आसिफ शौकत खान, महावीर सेवदा, सीए नवदीप अग्रवाल, सुभाष मूंड और जितेंद्र कुमावत सहित आयोजन समिति के सदस्यों एवं सहयोगियों की अहम भूमिका रही । सभी के प्रयास और टीम वर्क ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया । 

टीम के सामूहिक प्रयासों से प्रतियोगिता के मुकाबलों से लेकर फाइनल और समापन समारोह तक आयोजन को हर दिन नया आयाम मिला । 

प्रतियोगिता में भाग लेने आए खिलाड़ियों ने आयोजन के स्तर और व्यवस्थाओं की सराहना की। आयोजन ने यह संदेश दिया कि स्थानीय शहरों में भी बेहतर योजना, सामूहिक सहयोग और मजबूत प्रबंधन के साथ बड़े स्तर की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकती हैं। PTCL का सफल समापन कुचामन के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों के लिए यादगार रहा और आने वाले समय में ऐसे आयोजनों के लिए नई उम्मीदें छोड़ गया।

error: News 1 Rajasthan