कुचामन : गांधी-शास्त्री जयंती पर कांग्रेसजनों ने किया महापुरुषों का स्मरण, निकाय चुनाव में हार पर भी हुआ मंथन


कनोई पार्क में आयोजित कार्यक्रम में सत्य, अहिंसा, सादगी और जनसेवा के मार्ग पर चलने का लिया संकल्प


कुचामन सिटी। नगर कांग्रेस कमेटी एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुचामन सिटी के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को शहर के सार्वजनिक कनोई पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुतेंद्र सारस्वत ने कहा कि महात्मा गांधी सत्य एवं अहिंसा के ऐसे पुजारी थे, जिन्होंने पूरी दुनिया को सत्य, अहिंसा और शांतिपूर्ण संघर्ष की शक्ति का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गांधीजी के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने स्वतंत्रता आंदोलन के समय थे। उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, समानता और सर्वधर्म समभाव के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करना चाहिए।


सारस्वत ने लाल बहादुर शास्त्री के व्यक्तित्व का स्मरण करते हुए कहा कि शास्त्री जी सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल थे। उनका ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देश की शक्ति और आत्मनिर्भरता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि आज की राजनीति में भी गांधी और शास्त्री के सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर जनसेवा को प्राथमिकता देने की आवश्यकता है।


महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह चौधरी ने कहा कि महात्मा गांधी केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने सत्य और अहिंसा के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। भारत छोड़ो आंदोलन, नमक सत्याग्रह और असहयोग आंदोलन जैसे आंदोलनों के माध्यम से गांधीजी ने देशवासियों में स्वतंत्रता की भावना को मजबूत किया। उन्होंने कहा कि गांधीजी के बताए सिद्धांतों में से यदि हम एक भी सिद्धांत को अपने जीवन में पूरी निष्ठा से अपना लें तो यह उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।


सारिका सिंह चौधरी ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री सादगी और त्याग की प्रतिमूर्ति थे। उन्होंने अपने आचरण से यह साबित किया कि सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी और सादगी सर्वोच्च मूल्य हैं। उनका ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश आज भी देश के किसानों और जवानों के सम्मान तथा राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूती देता है।


सेवानिवृत्त शिक्षाविद जगदीश रॉय ने गांधीजी और शास्त्रीजी के जीवन एवं विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि गांधीजी ने सत्य और अहिंसा को हथियार बनाकर एक विशाल जनआंदोलन खड़ा किया, वहीं शास्त्रीजी ने सादगी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के माध्यम से देश के सामने आदर्श स्थापित किया।

उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि महापुरुषों को केवल जयंती के अवसर पर याद करने के बजाय उनके विचारों को व्यवहार और सामाजिक जीवन में उतारने का प्रयास किया जाए।
जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री किशोर सिंह चावंडिया ने दोनों महापुरुषों को युगदृष्टा बताते हुए कहा कि देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि गांधीजी ने अपना सर्वस्व देश की स्वतंत्रता के लिए समर्पित किया, जबकि शास्त्रीजी ने अपने पूरे जीवन में सादगी और राष्ट्रसेवा को सर्वोच्च स्थान दिया।


नगर परिषद के पूर्व उपसभापति हेमराज चावला ने कहा कि गांधी और शास्त्री के विचार कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने उपस्थित कांग्रेसजनों को उनके बताए सिद्धांतों पर चलने और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने का संकल्प दिलाया।


नवनिर्वाचित पार्षद फजलु रहमान कुरैशी, युवा पार्षद गजेंद्र कांसोटिया एवं पार्षद शंकर मोहनपुरिया ने भी दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि गांधीजी और शास्त्रीजी का जीवन त्याग, सेवा और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उनके आदर्शों को अपनाकर ही समाज और देश को बेहतर दिशा दी जा सकती है।


निकाय चुनाव में हार पर भी हुआ मंथन


कार्यक्रम के दौरान हाल ही में संपन्न हुए कुचामन निकाय चुनाव में कांग्रेस को मिली पराजय को लेकर भी कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के बीच मंथन किया गया। आगामी समय में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा आपसी एकजुटता के साथ जनहित के मुद्दों को उठाने पर चर्चा हुई।


कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनावी परिणाम से सबक लेते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की आवश्यकता है। कार्यकर्ताओं ने आने वाले दिनों में आपसी मतभेदों को पीछे छोड़कर एकजुटता के साथ संगठन के लिए कार्य करने तथा कांग्रेस को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।


पुष्पांजलि के बाद गूंजे देशभक्ति के नारे


कार्यक्रम के अंत में सभी कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस दौरान “महात्मा गांधी अमर रहें”, “बापू तेरा यह बलिदान, याद करेगा हिंदुस्तान” तथा “जय जवान, जय किसान” के नारों से कनोई पार्क गूंज उठा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, पार्षद एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

error: News 1 Rajasthan