सभापति महेश रामचन्द्रका बोले- अग्निशमन कार्मिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, शहर के लिए बड़ी और छोटी फायर ब्रिगेड की मांग भी भेजी
कुचामन सिटी। नगरपरिषद् कुचामन सिटी की ओर से अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। बुधवार, 1 अक्टूबर 2026 को नगरपरिषद् सभापति महेश रामचन्द्रका ने नगरपरिषद् में कार्यरत फायरमैनों को फायर सेफ्टी सूट, अग्निशमन यंत्र सहित आग से बचाव के अन्य आवश्यक संसाधन सौंपे। इस दौरान नगरपरिषद् आयुक्त शिकेश कांकरिया, राजस्व अधिकारी प्रवीण जनागल एवं सहायक प्रशासनिक अधिकारी महेश कुमार वर्मा मौजूद रहे।
सभापति महेश रामचन्द्रका ने कहा कि फायर ब्रिगेड के जवान शहर और आमजन के सच्चे सेवक हैं। आग जैसी विषम परिस्थितियों में ये कर्मचारी अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की जान-माल बचाने के लिए घटनास्थल पर पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा के लिए आवश्यक उपकरण और संसाधन उपलब्ध करवाना नगरपरिषद् की जिम्मेदारी है।
उन्होंने हाल ही में जोधपुर में हुए भीषण अग्निकांड में अग्निशमन कर्मियों की मौत और कई कर्मचारियों के घायल होने की घटना पर दुख जताते हुए कहा कि इस घटना ने एक बार फिर फायरमैनों की सुरक्षा के महत्व को सामने रखा है। उन्होंने दिवंगत अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

कुचामन के लिए दो नई फायर ब्रिगेड की मांग
सभापति ने बताया कि कुचामन शहर की भौगोलिक स्थिति और मुख्य बाजार की तंग गलियों को देखते हुए अग्निशमन व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्थानीय विधायक एवं राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी के माध्यम से राज्य सरकार को पत्राचार कर कुचामन सिटी के लिए एक बड़ी फायर ब्रिगेड और एक छोटी फायर ब्रिगेड उपलब्ध करवाने की मांग की गई है।
उन्होंने कहा कि बड़ी फायर ब्रिगेड शहर के बाहरी और बड़े अग्निकांडों में उपयोगी होगी, जबकि छोटी फायर ब्रिगेड मुख्य बाजार की संकरी गलियों तक आसानी से पहुंचकर आग पर समय रहते काबू पाने में मददगार साबित हो सकती है।
आयुक्त बोले- संसाधनों से फायर टीम की क्षमता बढ़ेगी
नगरपरिषद् आयुक्त शिकेश कांकरिया ने कहा कि अग्निशमन कार्मिकों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाना महत्वपूर्ण है। फायर सेफ्टी सूट और अन्य संसाधनों से फायरमैनों को आग बुझाने के दौरान बेहतर सुरक्षा मिलेगी तथा उनकी कार्यक्षमता भी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि नगरपरिषद् शहर की अग्निशमन व्यवस्था को आवश्यकतानुसार और बेहतर बनाने के लिए उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर जोर दे रही है।
नगरपरिषद् की ओर से किए गए इस प्रयास का उद्देश्य आगजनी की घटनाओं के दौरान फायरमैनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ शहरवासियों की जान-माल की सुरक्षा के लिए अग्निशमन तंत्र को अधिक प्रभावी बनाना है।
