मौलासर पुलिस की बड़ी कामयाबी: झूलोत्सव मेले से चोरी बाइक बरामद, आरोपी गिरफ्तार


डीडवाना-कुचामन। मौलासर थाना पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए झूलोत्सव मेले के दौरान चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद कर चोरी के आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।


मौलासर थानाप्रभारी मनसी राम ने बताया कि झूलोत्सव मेले के दौरान मोटरसाइकिल चोरी की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।


पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कृष्ण देवना पुत्र भंवरलाल, निवासी तारपुरा को गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही और पूछताछ के बाद चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। मामले से जुड़ी विस्तृत पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।


एसपी ने की पुलिस टीम की सराहना


पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान (आईपीएस) ने मौलासर पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि मेले जैसे बड़े आयोजनों के दौरान अपराधों पर नियंत्रण और चोरी की वारदात का त्वरित खुलासा पुलिस की सतर्कता और बेहतर टीमवर्क का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि पुलिस टीम ने बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण कर आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की, जो सराहनीय कार्य है।


इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका


इस कार्रवाई में थानाप्रभारी मनसी राम, साइबर एक्सपर्ट हेड कांस्टेबल प्रेम अडानिया, रमेश सारण कांस्टेबल और शोभाराम, थाना मौलासर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

error: News 1 Rajasthan