परबतसर कारागृह का ASP भूपेंद्र शर्मा ने किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा, बंदियों के स्वास्थ्य और भोजन व्यवस्था की ली विस्तृत जानकारी



परबतसर। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र शर्मा ने मंगलवार को परबतसर उप कारागृह का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों की सुविधाओं एवं जेल प्रबंधन की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ परबतसर थानाधिकारी सुमन बुंदेला भी मौजूद रहीं। निरीक्षण के दौरान कारागार परिसर में सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई तथा जेल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।


निरीक्षण की शुरुआत कारागार के मुख्य प्रवेश द्वार से की गई, जहां तैनात सुरक्षा व्यवस्था एवं स्थापित सुरक्षा उपकरणों का अवलोकन किया गया। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने जेल की सभी बैरकों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने जेल प्रशासन से लाचार, वृद्ध, सामान्य सजा काट रहे तथा मानसिक रोग से ग्रसित बंदियों की स्थिति एवं उनके लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान एएसपी भूपेंद्र शर्मा ने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा जेल प्रशासन को उनका नियमानुसार त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्तमान में निरुद्ध 119 बंदियों के स्वास्थ्य, चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई एवं भोजन व्यवस्था की भी विस्तार से समीक्षा की।


इस दौरान उन्होंने बंदियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया। भोजन निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं संतोषजनक पाया गया। साथ ही जेल परिसर की साफ-सफाई, अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर भी संतोष व्यक्त किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र शर्मा ने कहा कि जेलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखना और बंदियों को नियमानुसार सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। समय-समय पर औचक निरीक्षण किए जाते हैं ताकि सुरक्षा व्यवस्था और जेल प्रबंधन की गुणवत्ता का आकलन किया जा सके। उन्होंने कहा कि बंदियों के स्वास्थ्य, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।


थानाधिकारी सुमन बुंदेला ने कहा कि पुलिस और जेल प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए कारागार की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है। सुरक्षा से जुड़े प्रत्येक पहलू पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि जेल परिसर में कानून-व्यवस्था पूरी तरह कायम रहे।
निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक, कारापाल ,सहित जेल प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

error: News 1 Rajasthan