डीडवाना। राजकीय बांगड़ जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ के साथ दुर्व्यवहार कर राजकार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में डीडवाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जगमाल धेतरवाल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है तथा मामले में गहन अनुसंधान जारी है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान (आईपीएस) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा एवं आरपीएस जेवू सिंह के सुपरविजन में वृताधिकारी (प्रोबेशनर) गरिमा चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी, राजकीय बांगड़ जिला चिकित्सालय डीडवाना की ओर से दी गई रिपोर्ट में बताया गया कि 25 मई 2026 की रात आरोपी जगमाल धेतरवाल एवं उसके साथियों ने अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर सहित विभिन्न वार्डों में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों और नर्सिंगकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया। आरोप है कि आरोपी पूर्व में भी कई बार अस्पताल के वार्डों में अनाधिकृत रूप से घूमकर मरीजों की निजता भंग करता रहा तथा कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करता रहा है।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस थाना डीडवाना में मुकदमा संख्या 100/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 121(2), 132, 352 तथा राजस्थान चिकित्सा सेवा व्यक्ति एवं चिकित्सा सेवा संस्थान (हिंसा की रोकथाम एवं संपत्ति को नुकसान) अधिनियम, 2008 की धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी जगमाल धेतरवाल पुत्र दलाराम जाट (28), निवासी कोलिया, को गिरफ्तार किया। आरोपी से पूछताछ जारी है और प्रकरण के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी व कार्मिक
रामेश्वरलाल – उप निरीक्षक एवं थाना प्रभारी, डीडवाना
सत्यम – कांस्टेबल
इन्द्र सिंह – कांस्टेबल
सुरेन्द्र – कांस्टेबल
तुलसीराम – कांस्टेबल, साइबर सेल
