पंचायती राज मंत्रालयिक कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन


मुख्यमंत्री के नाम विकास अधिकारी को दिया मांग पत्र, पदोन्नति, स्थानांतरण नीति और भत्तों सहित कई मांगें उठाईं
डीडवाना। पंचायती राज मंत्रालयिक कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर जिला अध्यक्ष भवानी सिंह के नेतृत्व में विकास अधिकारी, पंचायत समिति डीडवाना को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सुधार की मांग करते हुए विस्तृत मांग पत्र प्रस्तुत किया।
ब्लॉक मीडिया प्रभारी कमल शर्मा ने बताया कि ज्ञापन में पंचायत स्तर पर लेखों की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कर्मचारियों की समकक्षता के अनुसार समान अधिकारों के साथ स्पष्ट जॉब चार्ट निर्धारित करने की मांग की गई। साथ ही उत्तराखंड राज्य की तर्ज पर पंचायत स्तरीय कर्मचारियों के लिए संपूर्ण व्यवस्था लागू करने, अंतर जिला स्थानांतरण नीति बनाने तथा मंत्रालयिक कर्मचारियों को न्यायालय के आदेशानुसार नोशनल लाभ प्रदान करने की मांग भी रखी गई।
इसके अलावा कर्मचारियों ने शैक्षणिक योग्यता के आधार पर सुविधाएं प्रदान करने, समान संवर्ग के कार्मिकों की भांति हार्ड ड्यूटी एलाउंस एवं अतिरिक्त प्रभार भत्ता स्वीकृत करने तथा मंत्रालयिक संवर्ग से ग्रामीण विकास राज्य सेवा के स्वीकृत पदों में 50 प्रतिशत पद पदोन्नति के लिए आरक्षित करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जगदीश धायल, महेंद्र दूत, शिवराज बावरी, रमेश ज्याणी, रफीक, सलीम, बजरंगलाल, रमेश पारीक, अशोक शर्मा, बुधाराम, मदनगोपाल, प्रेमाराम, सुभिता, धापू देवी, मंजू, सरोज, सावित्री सहित पंचायत समिति डीडवाना के मंत्रालयिक कर्मचारी उपस्थित रहे।

error: News 1 Rajasthan