सुजानपुरा में भक्ति की गूंज, हजारों श्रद्धालुओं के साथ निकली भव्य कलश यात्रा,श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का भव्य शुभारंभ , महिलाओं की भक्ति और जयकारों से गूंजा गांव



कुचामन सिटी उपखंड के सुजानपुरा में रविवार को सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। दीपपुरा स्थित बालाजी मंदिर से शुरू हुई इस यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सिर पर कलश धारण किए पारंपरिक वेशभूषा में शामिल महिलाओं की लंबी कतारें पूरे आयोजन का मुख्य आकर्षण बनीं और पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल में रंग दिया।


डीजे, भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच निकली कलश यात्रा

गांव के विभिन्न मार्गों से होती हुई कथा स्थल खाकी बाबा मंदिर, सुजानपुरा पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने जगह-जगह व्यवस्थाएं संभालते हुए श्रद्धालुओं का स्वागत किया।


23 मई तक चलेगी संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा


आयोजन समिति के अनुसार श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन आगामी 23 मई तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा। कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।


धार्मिक आयोजन समाज में देते हैं एकता का संदेश


इस अवसर पर समाजसेवी एवं पूर्व वार्ड पंच परसाराम बुगालिया ने कहा कि धार्मिक आयोजन केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं होते, बल्कि समाज में एकता, संस्कार और भाईचारे का संदेश भी देते हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह हजारों श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा में भाग लिया, वह हमारी संस्कृति और सनातन परंपरा की मजबूती को दर्शाता है। उन्होंने युवाओं से भी धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों से जुड़ने की अपील की।


24 मई को होगा हवन और विशाल भंडारा


आयोजन समिति ने बताया कि कथा समापन के बाद 24 मई को हवन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसमें आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

error: News 1 Rajasthan