नागौर जिले में नशे के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की कार्रवाई लगातार जारी है। प्रदेशभर में नशे के सौदागरों पर शिकंजा कस रही ANTF ने अब नागौर जिले के मुण्डवा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ स्मैक, एमडीएमए और बिक्री से अर्जित नकदी बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

एएनटीएफ महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के निर्देशन में तथा एएनटीएफ उप महानिरीक्षक अभिजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक अमित जैन के नेतृत्व में प्रदेशभर में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत नागौर जिले के ईनाणा गांव में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

जानकारी के अनुसार एएनटीएफ टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि ईनाणा गांव में महिपाल नामक व्यक्ति अपनी किराणा दुकान की आड़ में अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई कर रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए गांव स्थित महादेव किराणा स्टोर पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान दुकान में बैठा व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर घबरा गया। स्थानीय पुलिस द्वारा दुकान और संदिग्ध की तलाशी लेने पर वहां से 20.78 ग्राम स्मैक, 12.33 ग्राम एमडीएमए तथा नशे की बिक्री से अर्जित 57 हजार 800 रुपये नकद बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान महिपाल पुत्र मोतीराम जाट निवासी ईनाणा, थाना मुण्डवा, जिला नागौर के रूप में हुई है।
ANTF नागौर प्रभारी इमरान खान ने इस अवसर पर कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए अभियान पूरी गंभीरता से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले समय में भी ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
