कुचामन सिटी। न्यायपालिका के दिशा-निर्देशों के अनुरूप स्थानीय बार संघ में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बार संघ कुचामन सिटी में एडवोकेट सुनीता सैनी को सांस्कृतिक सचिव के पद पर मनोनीत किया गया है। यह मनोनयन माननीय सर्वोच्च न्यायालय के उस निर्णय की अनुपालना में किया गया है, जिसमें बार संघों में महिला प्रतिनिधित्व को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है।

बार संघ अध्यक्ष एडवोकेट दिनेश सिंह बरवाली ने बताया कि बार संघ के हालिया चुनाव एवं निर्विरोध प्रक्रिया पहले ही पूर्ण हो चुकी थी। उस दौरान सांस्कृतिक सचिव का पद रिक्त रह गया था, क्योंकि इस पद के लिए कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ। ऐसे में अब सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखते हुए तथा बार संघ के पदाधिकारियों की सर्वसम्मति से इस रिक्त पद पर एडवोकेट सुनीता सैनी का मनोनयन किया गया है।

उन्होंने कहा कि “महिलाओं की भागीदारी किसी भी संस्था को मजबूत बनाती है। बार संघ में महिला प्रतिनिधित्व बढ़ने से संगठन में नई ऊर्जा और संतुलन आएगा। यह निर्णय न केवल न्यायालय के निर्देशों की पालना है, बल्कि एक सकारात्मक सामाजिक संदेश भी है।”

वहीं नव-मनोनित सांस्कृतिक सचिव एडवोकेट सुनीता सैनी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “यह मेरे लिए गर्व और जिम्मेदारी दोनों का विषय है। मैं बार संघ की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अधिवक्ताओं के बीच आपसी समन्वय और सौहार्द बढ़ाने का प्रयास करूंगी। साथ ही महिला अधिवक्ताओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।”
