कुचामन सिटी: छोटे शहरों के बड़े सपनों को साकार करने की दिशा में नोबल स्कूल, कुचामन सिटी ने एक सराहनीय पहल करते हुए Talent & Scholarship Exam-2026 (2nd Phase) का सफल आयोजन किया। इस परीक्षा में कुचामन सहित जिलिया, पदमपुरा, आनंदपुरा, राणासर और कुकनवाली जैसे विभिन्न क्षेत्रों के कुल 1545 विद्यार्थियों ने उत्साह और आत्मविश्वास के साथ भाग लिया।

इस परीक्षा ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक क्षमता को परखने के साथ-साथ उन्हें अपने भविष्य को लेकर एक स्पष्ट दिशा भी प्रदान की। कक्षा 2 से 10वीं तक के छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश के साथ भाग लेते हुए यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती।

परीक्षा के माध्यम से योग्य विद्यार्थियों को 90 प्रतिशत तक स्कॉलरशिप प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, जबकि अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर उनके उत्साह को बढ़ावा दिया जाएगा। यह पहल विद्यार्थियों के लिए न केवल प्रतिस्पर्धा का मंच बनी, बल्कि उनके सपनों को साकार करने की एक मजबूत शुरुआत भी साबित हुई।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य सतवंत सिंह चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सपने वही सच होते हैं, जिनके पीछे कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प होता है। सफलता पाने के लिए केवल प्रतिभा ही नहीं, बल्कि अनुशासन, निरंतर अभ्यास और सही दिशा में प्रयास भी उतने ही आवश्यक हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रशासनिक सेवाओं, चिकित्सा और इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में करियर बनाने के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि सही रणनीति और समय प्रबंधन से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
चौधरी ने आगे कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन अक्सर सही मार्गदर्शन और अवसर के अभाव में ये प्रतिभाएं पीछे रह जाती हैं। ऐसे में इस प्रकार की प्रतियोगी परीक्षाएं विद्यार्थियों को न केवल अपनी क्षमता पहचानने का अवसर देती हैं, बल्कि उन्हें आगे बढ़ने के लिए आत्मविश्वास और दिशा भी प्रदान करती हैं।

उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों की शिक्षा और सपनों को प्राथमिकता दें तथा उन्हें सकारात्मक वातावरण और सहयोग प्रदान करें, जिससे वे अपने लक्ष्य को हासिल कर सकें।
परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। परीक्षा समाप्ति के बाद अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे आयोजन नियमित रूप से करवाने की मांग भी रखी।
