कुचामन सिटी। पंचायत समिति कुचामन सिटी के विकास अधिकारी अजीतसिंह ने विभिन्न ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परख ली। इस दौरान कई पंचायतों में गंभीर अनियमितताएं और लापरवाही सामने आई, जिस पर तत्काल सख्त कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण के तहत ग्राम पंचायत चान्दपुरा में रिकॉर्ड संधारण का अभाव पाया गया। वहीं ग्राम पंचायत चारणवास के ग्राम सबलपुरा में जगह-जगह कचरे के ढेर नजर आए, जिससे साफ-सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई। ग्राम पंचायत शिव में भी रिकॉर्ड व्यवस्थित नहीं मिले, जबकि ग्राम भवानीपुरा में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब पाई गई।

इसी क्रम में ग्राम पंचायत परेवडी में कार्यालय के बाहर सड़क पर जलभराव की स्थिति मिली, साथ ही गांव में गंदगी और कचरे के ढेर पाए गए। यहां के ग्राम विकास अधिकारी मेघराज बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय से अनुपस्थित मिले, जिसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की गई।

विकास अधिकारी अजीतसिंह ने निरीक्षण के बाद कहा कि “ग्राम पंचायतों में इस तरह की लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्वच्छता और योजनाओं के क्रियान्वयन में ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन को बेहतर सुविधाएं देना हमारी प्राथमिकता है, इसमें किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होगा।”

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पंचायतों में रिकॉर्ड संधारण, स्वच्छता व्यवस्था और कार्यालयीन अनुशासन में तुरंत सुधार लाया जाए, अन्यथा और कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

इस औचक निरीक्षण में अतिरिक्त विकास अधिकारी भागीरथ मल, कनिष्ठ अभियन्ता बलराम मीणा सहित संबंधित कनिष्ठ तकनीकी सहायक एवं कनिष्ठ सहायक भी मौजूद रहे और निरीक्षण प्रक्रिया में सहयोग किया।
