भारतीय जनता पार्टी कुचामन शहर मंडल द्वारा आयोजित “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान–2026” के अंतर्गत मंडल स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का सफल आयोजन गोविंदम पैलेस, सैन भवन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारी, पार्षदगण, बूथ अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।
प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उनकी उपलब्धियों पर विस्तार से जानकारी दी ।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन योजनाओं को आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाने का आह्वान किया। जिला प्रभारी राजेंद्र बोराणा ने संगठन की मजबूती और बूथ स्तर तक कार्य विस्तार पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

उपाध्यक्ष विजय सिंह पलाड़ा ने विधानसभा स्तर पर संगठन के समन्वय एवं आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए। जिला महामंत्री देवीलाल दादरवाल ने भाजपा के इतिहास, विचारधारा और संगठन के निरंतर विकास पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं को पार्टी की मूल भावना से जुड़ने का संदेश दिया। वहीं किशन भींचर ने योग, प्रार्थना और कार्य विस्तार के माध्यम से व्यक्तिगत व संगठनात्मक विकास पर बल दिया।
कार्यक्रम में नरेंद्र जयपाल ने सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नमो ऐप एवं सरल ऐप के उपयोग के जरिए संगठन को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की जानकारी दी। ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष राजाराम प्रजापत ने समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर ओबीसी समाज की संगठन में भागीदारी बढ़ाने पर अपने विचार रखे।

इस अवसर पर कुचामन के अनेक वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें सुरेश सिखवाल, गोरूराम कुमावत, राजेंद्र सिंह प्रेमपुरा, भागीरथ कुमावत, नरसी कुमावत, बरखा जैन, जसराज खुड़ीवाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा कुचामन शहर मंडल अध्यक्ष बाबूलाल कुमावत ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण वर्ग संगठन की विचारधारा को मजबूत करने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
