नोबल विद्यालय का शानदार रिजल्ट: 12वीं में शत-प्रतिशत परिणाम, मेधावी विद्यार्थियों व अभिभावकों का हुआ भव्य अभिनंदन

कुचामन सिटी। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 12वीं के परीक्षा परिणाम में कुचामन के नोबल विद्यालय ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शिक्षा नगरी का नाम रोशन किया।

विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा और सभी विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल की। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में मेधावी विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों का माल्यार्पण कर व मुँह मीठा करवाकर भव्य अभिनंदन किया गया।

संस्था प्रधान सतवन्त सिंह चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि विज्ञान वर्ग में आंचल (पुत्री श्री प्रभु सिंह) ने 95.17% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। कला वर्ग में शबाना बानो (पुत्री श्री मोहम्मद हनीफ गौरी) ने 95.55% अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि वाणिज्य वर्ग में प्रिया अग्रवाल (पुत्री श्री रमेश अग्रवाल) 93.00% अंकों के साथ अव्वल रही। इसके अलावा विज्ञान वर्ग में द्वितीय स्थान 93.00% एवं तृतीय स्थान 90.00% रहा, वहीं कला वर्ग में द्वितीय स्थान 91.17% तथा तृतीय स्थान पर देविका कुमावत (पुत्री श्री कानाराम कुमावत) ने 90.17% अंक प्राप्त किए।

विद्यालय का गौरव बढ़ाते हुए कक्षा 10वीं के परिणाम भी शानदार रहे। इसमें सुरेन्द्र कुमावत (पुत्र श्री कुन्दन मल) ने 95.17% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, सानिया (पुत्री श्री फारूख हसन) ने 94.00% के साथ द्वितीय तथा सोनु कुमारी (पुत्री श्री गिरधारी लाल) ने 93.67% अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंग्रेजी माध्यम में अम्बिका रतनू, दीक्षा कंवर एवं तमन्ना जांगिड़ ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल किया।

वहीं 8वीं कक्षा के परिणाम में भी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसमें अंग्रेजी माध्यम से 35 और हिन्दी माध्यम से 47 विद्यार्थियों ने A ग्रेड प्राप्त कर कुल 82 विद्यार्थियों ने श्रेष्ठ परिणाम देकर विद्यालय और अभिभावकों का नाम रोशन किया।

विद्यालय निदेशक दलपत सिंह रूणिजा ने सभी छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों का सम्मान करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और निरंतर परिश्रम के लिए प्रेरित किया।उन्होंने कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का प्रतिफल है। विद्यालय हमेशा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है। हमें गर्व है कि हमारे विद्यार्थियों ने हर वर्ष की तरह इस बार भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है और भविष्य में भी वे नई ऊँचाइयों को छूते रहेंगे।

इस अवसर पर विद्यालय के सभी पदाधिकारी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे, जिनमें नरेन्द्र सिंह शेखावत, कैलाश वर्मा, कुलदीप चारण, नरेन्द्र सिंह चौहान, मो. सलीम, अंकित शर्मा, विजय कुमार पाण्डेय, गजानन्द शर्मा, इरफान अली, बाबूलाल शर्मा, भंवरलाल दाधीच, शायर कंवर, होशियार सिंह, ज्योत्स्ना सक्सेना, कल्पना शर्मा, प्रेम शर्मा, सरिता सोनी तथा छात्रावास अधीक्षक भंवर सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल रहे।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी और गर्व साफ झलक रहा था, वहीं अभिभावकों ने भी विद्यालय के इस शानदार परिणाम पर खुशी जाहिर की ।

error: News 1 Rajasthan