डीडवाना के मुश्ताक खान खात्यासनी को कांग्रेस में बड़ी जिम्मेदारी, बने कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष 

 राजस्थान में आगामी दिनों में होने वाले पंचायत और निकाय चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की कवायद के बीच डीडवाना के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मुश्ताक खान खात्यासनी को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। पार्टी ने उन्हें कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की नई प्रदेश कार्यकारिणी में प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति को डीडवाना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है।

दरअसल, राजस्थान कांग्रेस ने अल्पसंख्यक विभाग की नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन करते हुए कुल 134 नेताओं को विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी सौंपी है। इस सूची को कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी की मंजूरी के बाद कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष एम डी चोपदार की और से जारी किया गया। कार्यकारिणी में 12 प्रदेश उपाध्यक्ष, 15 महासचिव, 28 सचिव, 18 संयुक्त सचिव और 61 स्टेट कोऑर्डिनेटर शामिल किए गए हैं। इन्हीं 12 प्रदेश उपाध्यक्षों में डीडवाना के मुश्ताक खान खातियासनी को भी स्थान दिया गया है।

लंबे समय से संगठन से जुड़े रहे हैं खात्यासनी

मुश्ताक खान खात्यासनी पिछले 25 वर्षों से अधिक समय से कांग्रेस संगठन से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। इस दौरान उन्होंने पार्टी में कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं और संगठनात्मक गतिविधियों में लगातार सक्रिय भूमिका निभाते रहे। क्षेत्र में उनकी पहचान जमीनी कार्यकर्ता और संगठन को मजबूत करने वाले नेता के रूप में रही है।

पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि खात्यासनी को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने से डीडवाना-कुचामन सहित पूरे क्षेत्र में संगठन को मजबूती मिलेगी और अल्पसंख्यक समाज से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाने में मदद मिलेगी।

नियुक्ति के बाद मुश्ताक खान खात्यासनी ने कही यह बात

प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर मुश्ताक खान खात्यासनी ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने जो विश्वास उन पर जताया है, उसे वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे।उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी रही है। मुझे जो जिम्मेदारी मिली है, उसके माध्यम से मैं प्रदेश भर में संगठन को मजबूत करने, अल्पसंख्यक समाज की आवाज को पार्टी और सरकार तक पहुंचाने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का काम करूंगा। पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के मार्गदर्शन में हम जमीनी स्तर तक संगठन को और मजबूत बनाएंगे।

खात्यासनी ने  कहा कि आने वाले समय में वे प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा कर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और अल्पसंख्यक समाज से जुड़े मुद्दों को संगठित रूप से उठाने की रणनीति पर काम करेंगे।

क्षेत्र में खुशी का माहौल

मुश्ताक खान खात्यासनी की प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर नियुक्ति के बाद डीडवाना और आसपास के क्षेत्रों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल देखा जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई मजबूती मिलेगी और क्षेत्र की आवाज प्रदेश स्तर पर और प्रभावी तरीके से उठेगी।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस द्वारा अल्पसंख्यक विभाग की नई कार्यकारिणी का गठन संगठन को फिर से सक्रिय करने की दिशा में बड़ा कदम है। ऐसे में मुश्ताक खान खात्यासनी जैसे अनुभवी नेताओं की भूमिका पार्टी के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। देखने वाली बात होगी कि उनकी यह नियुक्ति आने वाले निकाय और पंचायत चुनाव में कांग्रेस को कितना फायदा दिला पाती है ।

error: News 1 Rajasthan