पारीक समाज का होली स्नेह मिलन समारोह संपन्न, फूलों की होली और फागोत्सव में झूमे समाज बंधु


कुचामन सिटी के ब्रह्मपुरी स्थित पारीक भवन में रविवार को पारीक समाज की ओर से होली स्नेह मिलन समारोह एवं फागोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाज अध्यक्ष भंवरलाल पारीक ने की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज बंधु उपस्थित रहे और पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।
समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना तथा रिद्धि-सिद्धि के दाता भगवान गणपति के पूजन के साथ किया गया। इसके बाद भजन एवं होली रस की प्रस्तुतियों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय और उत्सवमय बना दिया। वरिष्ठ शिक्षाविद् मधुसूदन पुरोहित ने “मुख मुरली बजाई रे, नंदजी को लालो…” भजन की प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके भजन पर उपस्थित समाज बंधु झूम उठे और वातावरण भक्तिरस से सराबोर हो गया।


कार्यक्रम के दौरान समाज अध्यक्ष भंवरलाल पारीक, कुंजबिहारी जोशी, कृष्ण व्यास तथा विजय पुरोहित ने भी होली रस और फाग गीतों की प्रस्तुतियां दी, जिस पर उपस्थित लोगों ने नृत्य करते हुए कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया। इसके बाद सभी समाज बंधुओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर तथा फूलों की होली खेलते हुए आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।
इस अवसर पर समाज अध्यक्ष भंवरलाल पारीक ने कहा कि ऐसे सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और आपसी जुड़ाव को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि होली का पर्व आपसी मतभेदों को भुलाकर प्रेम और सद्भाव के साथ आगे बढ़ने का संदेश देता है। समाज को संगठित और सशक्त बनाने के लिए सभी को मिलजुलकर कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विप्र समाज में नई जिम्मेदारियां मिलने पर कमल कुमार पुरोहित, मनोज जोशी, कुंजबिहारी जोशी एवं एडवोकेट ओमप्रकाश पारीक का माला व दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए समाज सेवा के लिए निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।


समारोह में शंकरलाल व्यास, कैलाशचंद पुरोहित, कमल कुमार पुरोहित, चंपालाल पांडिया, तेजपाल उपाध्याय, हेमराज पारीक, सांवरमल पारीक, प्रहलाद पारीक, नरेन्द्र पारीक, विजय पारीक, गिरीश जोशी, कृष्ण व्यास, बनवारीलाल पारीक, कुलदीप पारीक, सोहनलाल पारीक, पवन पुरोहित, युवराज पारीक, पुरुषोत्तम पारीक, मुकेश जोशी, सुशील पारीक, डॉ. दिलीप कुमार पारीक, हेमंत व्यास, नरेन्द्र पुरोहित, लव पारीक सहित पारीक समाज के अनेक प्रबुद्धजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन आपसी शुभकामनाओं और होली की बधाइयों के साथ हुआ।

error: News 1 Rajasthan