डीडवाना-कुचामन जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मकराना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। सांसी बस्ती, मकराना में दी गई दबिश के दौरान पुलिस ने आरोपिया नैना सांसी के कब्जे से 5.67 ग्राम स्मैक, 1 किलो 220 ग्राम गांजा और मादक पदार्थों की बिक्री से प्राप्त 2 लाख 8 हजार 400 रुपये नकद बरामद किए हैं।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परबतसर नेमीचंद खारिया और वृताधिकारी मकराना विकी नागपाल के सुपरविजन में थाना अधिकारी मकराना श्रीमती गरीमा चौधरी (आरपीएस प्रोबेशनर) के नेतृत्व में गठित टीम ने एएनटीएफ चौकी नागौर से मिली सूचना पर सांसी बस्ती में दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपिया नैना के पास से अवैध मादक पदार्थ और बड़ी मात्रा में नकदी बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही महिला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपिया का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2025 में उसके खिलाफ शिप्रापथ, जयपुर में एक्साइज एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज हुआ था, जबकि वर्ष 2017 में मकराना थाने में आईपीसी की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेमीचंद खारिया ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त व्यक्तियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और अभियान लगातार जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में थाना अधिकारी मकराना श्रीमती गरीमा चौधरी के नेतृत्व में सुशीला (महिला कांस्टेबल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय परबतसर), गोविन्दी (महिला कांस्टेबल, वृत कार्यालय मकराना), ललिता (महिला कांस्टेबल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय परबतसर), रामेश्वरलाल (कांस्टेबल, पुलिस थाना मकराना), ओमप्रकाश (कांस्टेबल, पुलिस थाना मकराना), सम्पतराम (कांस्टेबल, एएनटीएफ नागौर), महेन्द्र सिंह (कांस्टेबल, एएनटीएफ नागौर) तथा जगदीश (कांस्टेबल, एएनटीएफ नागौर) का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

एएनटीएफ चौकी नागौर के प्रभारी इमरान खान ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के संबंध में लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए जिले में नशे के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में समन्वित कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
