कुचामन सिटी में आरयूआईडीपी का जागरूकता अभियान, आमजन को बताए नगरीय विकास परियोजना और नई जलप्रदाय योजना के फायदे

राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के तहत सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता इकाई द्वारा कुचामन सिटी में आमजन को परियोजना से होने वाले लाभों की जानकारी देने के उद्देश्य से एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम हाईटेक स्कूल, कुचामन सिटी के पास आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम आरयूआईडीपी के अधीक्षण अभियंता नेमीचंद पंवार के निर्देशन में, अधिशाषी अभियंता राजकुमार मीना के मार्गदर्शन तथा सहायक अभियंता अनिल सैनी के सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान आमजन को शहर में चल रहे आरयूआईडीपी कार्यों की जानकारी दी गई और बताया गया कि ये परियोजनाएं भविष्य में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में किस प्रकार सहायक होंगी।


सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता इकाई के सामाजिक विकास विशेषज्ञ देवेन्द्र सिंह ने आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि शहर में आरयूआईडीपी के अंतर्गत कार्य प्रगति पर हैं और नई जलप्रदाय योजना से नागरिकों को कई महत्वपूर्ण लाभ मिलेंगे। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत आमजन को पर्याप्त मात्रा में, पूर्ण प्रेशर के साथ तथा मीटरयुक्त जल आपूर्ति उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने नागरिकों से जल संरक्षण की अपील करते हुए कहा कि पानी की एक-एक बूंद कीमती है और आज की बचत ही आने वाले कल का सुरक्षित भविष्य है। जल ही जीवन है और इसके संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की है।
कार्यक्रम में परियोजना से संबंधित सुझाव एवं शिकायत दर्ज कराने के लिए टोल फ्री नंबर 18001219400 की जानकारी भी दी गई, ताकि आमजन अपनी समस्याएं सीधे संबंधित विभाग तक पहुंचा सकें।


इस अवसर पर सीएपी की सविता शर्मा ने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छता के बिना समृद्ध जीवन की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने आमजन से अपील की कि घरों से निकलने वाले कचरे को इधर-उधर न फेंकें, बल्कि नगर परिषद द्वारा आने वाले कचरा संग्रहण वाहन में ही डालें और अपने शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करें।
कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय संवेदक एल एंड टी के किशन सिंह, मुन्नी देवी, इन्द्रा देवी, आमना, बाला देवी, नानूराम सहित अन्य स्थानीय नागरिकों का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में आमजन ने इस प्रकार के जागरूकता अभियानों को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता जताई

error: News 1 Rajasthan