भामाशाह बिरदाराम खाखल के सहयोग से राजकीय सीनियर स्कूल सिंगरावट कलां में 260 विद्यार्थियों को मिली जैकेट्स

डीडवाना उपखंड के सिंगरावट कलां स्थित राजकीय सीनियर स्कूल में उस समय भावुक और प्रेरणादायी माहौल देखने को मिला, जब भामाशाह बिरदाराम खाखल ने कक्षा 1 से 12 तक अध्ययनरत सभी 260 विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता की जैकेट्स भेंट कीं। ठंड के मौसम में विद्यार्थियों के लिए यह उपहार केवल वस्त्र नहीं, बल्कि संवेदना और सरोकार का प्रतीक बन गया।

विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भामाशाह बिरदाराम खाखल ने कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे मजबूत माध्यम है, उन्होंने कहा कि यह सेवा, उन्हें अपने पिता आशु राम खाखल से मिली सीख का परिणाम है, जिनका मानना था कि अर्जित धन का सर्वोत्तम उपयोग शिक्षा और समाजसेवा में होना चाहिए।

प्रधानाचार्य नेमीचंद पूनिया ने अपने संबोधन में कहा कि खाखल परिवार का सहयोग विद्यालय के लिए हमेशा संबल बना है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी विद्यालय में आईटीसी लैब का निर्माण, होज की मरम्मत और सीसीटीवी कैमरे लगवाकर शैक्षणिक व सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया, जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित हो रहा है। प्रधानाचार्य ने इसे समाज और विद्यालय के बीच मजबूत होते संबंधों का उदाहरण बताया।

जैकेट वितरण के पश्चात प्रधानाचार्य, समस्त विद्यालय स्टाफ एवं ग्रामीणों ने खाखल परिवार का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सिंगरावट कलां के सरपंच मंगेश सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय बताया।कार्यक्रम का संचालन उपप्रधानाचार्य सुरेश कुमार खींची ने किया।

error: News 1 Rajasthan