मकराना में कांग्रेस संगठन उस वक्त अंदरूनी खींचतान के चलते हलचल में दिखा, जब ब्लॉक महासचिव चेनसिंह कुंकणा व युवा कांग्रेस महासचिव प्रेम चौधरी ने सोमवार को मकराना विधायक व डीडवाना–कुचामन जिलाध्यक्ष जाकिर हुसैन गैसावत पर गंभीर आरोप लगाते हुए अपने–अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। दोनों ने पार्टी संगठन में लिए गए ताजा फैसलों व जाकिर गैसावत की कार्यशैली पर असहमति जताई है।
कुंकणा ने अपना इस्तीफा मकराना ग्रामीण कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दिलीप सिंह को भेजते हुए लिखा कि जिलाध्यक्ष पद पर अल्पसंख्यक के नाम पर “बेहतर कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज किया गया।” उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक रहते जिलाध्यक्ष बनाना कांग्रेस की मूल विचारधारा व राहुल गांधी की सोच के विपरीत है, साथ ही गैसावत पर किसान विरोधी रुख और संघ विचारधारा वाले लोगों को बढ़ावा देने जैसे आरोप भी लगाए।
कुंकणा के बाद युवा कांग्रेस महासचिव प्रेम चौधरी ने भी जाकिर गैसावत को जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर अपना इस्तीफा पार्टी के उच्च पदाधिकारियों को भेजने की पुष्टि की।
कुंकणा के इस्तीफे के बारे में मकराना ग्रामीण कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दिलीप सिंह चौहान ने कहा कि उन्हें इस्तीफा मिला है । उन्होंने कहा कि कुंकणा पिछले एक साल से पार्टी में सक्रिय नहीं है और जिलाध्यक्ष और मकराना विधायक जाकिर हुसैन गैसावत से उनकी नाराजगी निजी हो सकती है क्योंकि पार्टी में आलाकमान के इस फैसले का पूरे जिले में ही और कही विरोध नहीं है । उन्होंने कहा कि मकराना विधायक गैसावत कई साल तक नागौर कांग्रेस के अध्यक्ष रहे है और डीडवाना – कुचामन जिले की बात करें तो उनके नेतृत्व में ही कांग्रेस ने साल 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में पांच में से तीन सीटें जीती और एक में बहुत कम अंतर से पार्टी प्रत्याशी की हार हुई ,यानी उनकी नेतृत्व क्षमता पूरे जिले में प्रभावी है ।
दूसरी ओर, इन सभी आरोपों पर जिलाध्यक्ष और मकराना विधायक जाकिर हुसैन गैसावत ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कुंकणा और प्रेम चौधरी के आरोप तथ्यहीन व पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने कहा— “मैं कांग्रेस का सच्चा सिपाही हूँ, बरसों से पार्टी की रीति–नीति और मूल विचारधारा के साथ समर्पित भाव से काम करता रहा हूँ। कुंकणा पार्टी में विद्वेष फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।”
गैसावत ने कहा कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करना ही उनकी पहली प्राथमिकता है और वे वर्षों से संगठनात्मक अनुशासन व निष्ठा के साथ पार्टी के लिए कार्य करते आए हैं।
