सिंघाना के चंद्रप्रकाश ने पोल वॉल्ट में जीता गोल्ड, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे प्रतिनिधित्व

डीडवाना उपखंड के सिंघाना गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्र चंद्रप्रकाश पुत्र धनवास चौधरी ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए पोल वॉल्ट (बांस कूद) प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस शानदार प्रदर्शन के दम पर उनका चयन अब राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता के लिए हुआ है।

प्रधानाचार्य छोटूराम भाकर ने बताया कि 69वीं जिला स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता 2025 के तहत खंड स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता (आयु वर्ग 17/19 वर्ष छात्र) का आयोजन मकराना तहसील के भवानी शिक्षण संस्थान, गेलासर में किया गया।

इस प्रतियोगिता में वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक गजेन्द्र सिंह ठोलिया के निर्देशन में चंद्रप्रकाश ने बेहतरीन प्रदर्शन कर प्रथम स्थान हासिल किया।चंद्रप्रकाश के इस प्रदर्शन से विद्यालय परिसर और गांव सिंघाना में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों, सहपाठियों और शिक्षकों ने मिठाई बांटकर उसकी सफलता पर बधाई दी।

शारीरिक शिक्षक गजेन्द्र सिंह ठोलिया ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर चयन समिति ने चंद्रप्रकाश का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया है। वह 23 से 27 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कोचिंग कैंप में प्रशिक्षण लेगा और 29 अक्टूबर से शुरू होने वाली राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता में जिले डीडवाना-कुचामन का प्रतिनिधित्व करेगा।

error: News 1 Rajasthan