बास्केटबॉल खेल महाकुंभ का आगाज — डीडवाना में शुरू हुई 75वीं राज्य स्तरीय सीनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता । डायमंड जुबली के अवसर पर हुआ भव्य उद्घाटन, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का हुआ सम्मान

बास्केटबॉल खेल महाकुंभ का आगाज — डीडवाना में शुरू हुई 75वीं राज्य स्तरीय सीनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता

डायमंड जुबली के अवसर पर हुआ भव्य उद्घाटन, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का हुआ सम्मान

खेल नगरी डीडवाना गुरुवार को बास्केटबॉल के जोश से सराबोर रही। राजस्थान सरकार की स्पोर्ट्स काउंसिल की ओर से आयोजित 75वीं राज्य स्तरीय सीनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता 2025 का भव्य शुभारंभ हुआ। यह आयोजन नागौर जिला बास्केटबॉल संघ और श्रीकांत क्लब डीडवाना के संयुक्त तत्वावधान में स्व. छतरचंद सेठिया स्मृति प्रतियोगिता के रूप में बांगड़ महाविद्यालय परिसर में हुआ।

 बृजमोहन शास्त्री कोर्ट नंबर-1 पर श्याम शर्मा व्यवस्थापक झालारियां मठ डीडवाना के मंगल सानिध्य में प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि भाजपा नेता जीतेन्द्र सिंह जोधा  सहित अतिथियों ने झंडारोहण कर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की। इस दौरान विजेता टीमों को दी जाने वाली ट्रॉफियों का अनावरण भी किया गया। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों, कोच और भरी तादाद में मौजूद दर्शकों की उपस्थिति ने माहौल को खेल भावना और उत्साह से भर दिया।

अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खिलाड़ियों का हुआ सम्मान

शुभारंभ समारोह में प्रदेश और देश के दिग्गज खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित हस्तियों में सीआरपीएफ के सेवानिवृत्त आईजी मूलचंद पंवार, डीआईजी सुमेर सिंह शेखावत, बीएसएफ डीआईजी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़, ओलंपियन जोरावर सिंह, अर्जुन अवार्डी ओलंपियन हनुमान सिंह, डीआईजी देवेंद्र सिंह, डीआईजी सीपी त्रिवेदी, वीपी नरूला, सीआरपीएफ कमांडेंट सुमेर सिंह शेखावत, करणी राम पूनिया, मान सिंह शेखावत, रणजीत चौधरी, विक्रम सिंह शेखावत, पंकज मलिक, मो. हारून, मांगीलाल, और हीरेन्द्र सिंह राठौड़ शामिल रहे।

50 से ज्यादा टीमों के 800 खिलाड़ी ले रहे हैं भाग

नागौर जिला बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष अजीत सिंह राठौड़ ने बताया कि प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग की कुल 50 से ज्यादा टीमें हिस्सा ले रही हैं। 800 से अधिक खिलाड़ी और 100 से ज्यादा कोच डीडवाना पहुंचे हैं। मैच बांगड़ महाविद्यालय और राजकीय विद्यालय के बास्केटबॉल कोर्ट पर खेले जा रहे हैं।

खिलाड़ियों ने कहा — बास्केटबॉल सिर्फ खेल नहीं, जिंदगी की सीख है

इस मौके पर  सम्मानित हुए ओलंपियन विक्रम सिंह शेखावत ने कहा कि बास्केटबॉल खेल हमें फाइटिंग स्पिरिट सिखाता है — यानी कभी हार न मानने की सीख देता है। यह खेल खिलाड़ियों में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करता है, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में बास्केटबॉल की स्थिति बेहतर हो सकती है यदि सरकार खिलाड़ियों को रोजगार, प्रशिक्षण और संसाधनों के अधिक अवसर प्रदान करे। वर्तमान में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी सुविधाओं के अभाव में दूसरे राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जोरावर सिंह ने कहा कि खेल प्रतिभा को बढ़ावा देने के लिए डीडवाना सहित सभी जिला मुख्यालयों पर इनडोर स्टेडियम होने चाहिए, ताकि मौसम या किसी भी परिस्थिति के कारण खिलाड़ियों का अभ्यास प्रभावित न हो।

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निशा शर्मा ने कहा कि इस प्रतियोगिता का आयोजन ऐतिहासिक और प्रेरणादायक है।

ऐसे आयोजनों से नए खिलाड़ियों में जोश बढ़ता है और अभिभावकों में यह विश्वास भी पैदा होता है कि बास्केटबॉल जैसे खेल से भी उज्ज्वल भविष्य और करियर बनाया जा सकता है।

खेल कोटे से सब इंस्पेक्टर बनी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कमलेश ने कहा कि अब वक्त बदल चुका है — खेल केवल टाइमपास नहीं, बल्कि करियर का सशक्त माध्यम बन चुका है। मेहनत और लगन से खेल में आगे बढ़ने वाले खिलाड़ी आज सरकारी नौकरियों से लेकर अंतरराष्ट्रीय मंचों तक सफलता पा रहे हैं।

वहीं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और पुलिस विभाग में कांस्टेबल आशा नायक ने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे अपने बेटा-बेटी दोनों को खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित करें, क्योंकि खेल न सिर्फ शारीरिक और मानसिक विकास करते हैं, बल्कि आज के युग में रोजगार और आत्मनिर्भरता का जरिया भी बन रहे हैं।

आयोजन को लेकर जोधा ने दी बधाई और शुभकामनाएं

मुख्य अतिथि जितेंद्र सिंह जोधा ने कहा कि डीडवाना में हीरक जयंती वर्ष में आयोजित यह प्रतियोगिता खेल इतिहास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने आयोजकों की मेहनत की सराहना करते हुए नागौर जिला बास्केटबॉल संघ की पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता का पहला मैच नागौर और सिरोही के बीच खेला गया, जिसमें मेजबान नागौर टीम ने शानदार जीत दर्ज की।

आयोजन समिति और गणमान्यजनों की उपस्थिति

इस अवसर पर अजीत सिंह, नरपत सिंह, अशोक गुड़गिला, जयप्रकाश पसारी, गोविंद गुर्जर, महेंद्र पंवार, महावीर ओझा, रमाकांत गुड़गिला, चेना राम पंवार, गुमान सिंह, सुरेश (पूर्व चेयरमैन), सुभाष गौड़, डॉ. सोहन चौधरी, कैप्टन रघुनाथ प्रसाद स्वामी, चतुर्भुज मूंदड़ा, तारेश कुमार गुरुजी, अनिल राजहंस, विवेक रंजन सिंह, मोहम्मद नईम, ब्रह्मदेव शर्मा,

अनंत कुमार गौड़, मुतलिब कोटवाल, गणेश पीटीआई, सुरेश पीटीआई, अकरम पठान, गुलाब कच्छावा, विक्रम पंवार, शिवकुमार शर्मा, प्रदीप पीटीआई, सुरेंद्र सिंह, रणवीर सिंह बरागना, राजकुमार दाधीच, अमजद पठान, अबरार अली बेरी, मुकेश फौजी, मनमोहन शास्त्री, बजरंग पंवार, पिंटू खत्री, मघाराम कच्छवाहा, और वरुण गौड़ सहित अनेक खेलप्रेमी और गणमान्यजन उपस्थित रहे।

error: News 1 Rajasthan