डीडवाना में केंद्रीय विद्यालय खोलने के प्रस्ताव को मिली मंजूरी, शिक्षा के क्षेत्र में नई राह खुलेगी


लंबे समय से जिस मांग के पूरी होने का डीडवाना के लोग इंतजार कर रहे थे, वह आखिरकार पूरी हो गई है। डीडवाना में केंद्रीय विद्यालय खोलने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। इस निर्णय के साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में डीडवाना एक नई दिशा में कदम बढ़ाने जा रहा है।

जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने जानकारी देते हुए बताया कि आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति ने देश के नागरिक क्षेत्र में 57 नए केंद्रीय विद्यालय (केवी) खोलने को मंजूरी दी है। इन्हीं प्रस्तावों में डीडवाना का नाम भी शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय डीडवाना क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए अवसर खोलेगा।

केंद्रीय विद्यालय खुलने की खबर मिलते ही स्थानीय नागरिकों, शिक्षाविदों और सामाजिक संगठनों में हर्ष की लहर दौड़ गई। क्षेत्रवासियों ने इस निर्णय के लिए केंद्र सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि अब डीडवाना के विद्यार्थियों को उच्चस्तरीय शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे क्षेत्र के शिक्षा स्तर में व्यापक सुधार होगा।

सामाजिक संस्थाओं ने इसे डीडवाना की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से न केवल बच्चों को राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा मिलेगी, बल्कि शहर का गौरव भी बढ़ेगा। सरकार की इस पहल को लेकर लोगों ने खुशी जाहिर की और इसे शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम बताया।

error: News 1 Rajasthan