राजस्थान जिला पेंशनर्स समाज डीडवाना–कुचामन के जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद वैष्णव के नेतृत्व में एक शिष्ट मंडल ने मंगलवार को जिला कलेक्टर डीडवाना – कुचामन डॉ महेंद्र खड़गावत से मुलाकात की।

जिला प्रवक्ता मनवर अली उसमानी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह मुलाकात राजस्थान स्टेट हेल्थ इंश्योरेंस एजेंसी (आरजीएचएस) जयपुर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हरजी लाल अटल द्वारा 28 जुलाई 2025 को जारी अर्द्ध शासकीय पत्र के संदर्भ में की गई। इस पत्र में निर्देश दिए गए हैं कि पेंशनर्स, पारिवारिक पेंशनर्स और अन्य लाभार्थियों को आरजीएचएस योजना में इलाज के दौरान आने वाली परेशानियों के समाधान हेतु जिला स्तर पर प्रत्येक माह बैठक आयोजित की जाए।

शिष्ट मंडल में संरक्षक मुंशी खान मोयल, उपाध्यक्ष अब्दुल हमीद परिहार व राम प्रसाद वैष्णव, सदस्य अमरू खान और श्याम सुंदर व्यास शामिल थे। उन्होंने जिला कलेक्टर से आग्रह किया कि पेंशनर्स की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए इन बैठकों का नियमित आयोजन सुनिश्चित किया जाए।
उसमानी ने बताया कि मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि जिला स्तर पर गठित समिति—जिसमें जिला कलेक्टर, जिला कोषाधिकारी, आरजीएचएस के प्रतिनिधि सदस्य सचिव, पेंशनर्स समाज के जिलाध्यक्ष और जिला चिकित्सा अधिकारी या उनके प्रतिनिधि शामिल होंगे—प्रत्येक माह बैठक करेगी। इन बैठकों में पेंशनर्स को हो रही चिकित्सा संबंधी परेशानियों पर विस्तार से चर्चा होगी और उनके निराकरण की प्रगति रिपोर्ट जयपुर मुख्यालय को भेजी जाएगी।

जिला कलेक्टर महेंद्र खड़गावत ने शिष्ट मंडल को आश्वस्त किया कि समिति का गठन शीघ्र किया जाएगा और नियमित बैठकें आयोजित कर पेंशनर्स को राहत पहुंचाई जाएगी।
