कोटा में 24 सितम्बर से शुरू होने वाली राज्य स्तरीय सीनियर फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए मकराना के रफी अहमद किदवई फुटबॉल स्टेडियम में चयन शिविर आयोजित किया गया। नागौर डीएफए सचिव फरहत अली, सह सचिव मोहम्मद हनीफ व अरफत अली तथा उपाध्यक्ष शबीक अहमद उस्मानी की देखरेख में लगाए गए इस शिविर में 45 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपने हुनर का प्रदर्शन किया।

शिविर का संचालन कोच मोहम्मद सईद और लियाकत अली भाटी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। इस दौरान सिटी क्लब के संरक्षक एवं पूर्व विधायक रूपा राम मुरावतिया सहित अनवर अली चौधरी, मोहम्मद शफी उर्फ बबलू गैसावत, मोहम्मद शरीफ चौधरी, इस्लामुद्दीन गैसावत, मोहम्मद युसुफ सिसोदिया, महबूब अली गैसावत और जैनुल आब्दीन समेत कई खेल प्रेमी मौजूद रहे।

सचिव फरहत अली ने इस दौरान कहा कि “मकराना के फुटबॉलर मोहम्मद कैफ ने अपने शानदार खेल से न सिर्फ मकराना बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है। आज वो नए खिलाड़ियों के लिए एक आदर्श है । उन्होंने कहा कि शिविर एक महत्वपूर्ण पहल है। यहां खिलाड़ियों को राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं का अनुभव और अनुशासन सीखने का अवसर मिल रहा है। हमारा उद्देश्य है कि मकराना और नागौर के खिलाड़ी राज्य ही नहीं, राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाएं।”

उपाध्यक्ष शबीक अहमद उस्मानी ने कहा कि “ऐसे शिविर ही वह आधार हैं, जहां से भविष्य के सितारे निकलते हैं। रोनाल्डो और मेराडोना जैसे महान खिलाड़ी भी कभी ऐसे ही कैंपों से निखरकर सामने आए। जब कोई खिलाड़ी अनुशासन, फिटनेस और लगन के साथ मैदान में उतरता है तो उसकी मेहनत ही उसे बड़ी पहचान दिलाती है। हमें विश्वास है कि इस शिविर से भी कई होनहार खिलाड़ी निकलेंगे जो आने वाले वर्षों में जिले का गौरव बढ़ाएंगे। मकराना की मिट्टी में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही मंच देने की जरूरत है।”

सहसचिव मोहम्मद हनीफ और अरफत अली ने कहा कि “हमारी प्राथमिकता खिलाड़ियों को बेहतर माहौल और अवसर उपलब्ध कराना है। यह शिविर खिलाड़ियों को आत्मविश्वास देने और उनके कौशल को निखारने का माध्यम है। यहां चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय मुकाबलों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें, इसके लिए उन्हें हर संभव सहयोग दिया जा रहा है।”
