टैगोर सैनिक स्कूल कुचामन में कर्नल जितेंद्र सिंह राठौड़ का औचक निरीक्षण,
विद्यार्थियों को दिया अनुशासन व राष्ट्र सेवा का मंत्र

टैगोर सैनिक स्कूल कुचामन सिटी में आज कर्नल जितेंद्र सिंह राठौड़, ग्रुप कमाण्डर एन.सी.सी. जोधपुर ने औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक और सह-पाठयक्रम गतिविधियों का विस्तार से जायजा लिया। इस अवसर पर ग्रुप चैयरमेन पूर्णसिंह रणवा, निदेशक कर्नल वीर सिंह, प्रिंसिपल मधु शेखावत, एडवोकेट भंवर सिंह चितावा तथा मारवाड़ स्कूल कुचामन के संस्थापक रामेश्वर लाल मावलिया सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान कर्नल राठौड़ ने कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय और खेल मैदान का अवलोकन किया। उन्होंने छात्रों से संवाद करते हुए उन्हें अनुशासन, परिश्रम और देशभक्ति को जीवन का मूल मंत्र बनाने का आह्वान किया। कर्नल राठौड़ ने कहा कि सैनिक स्कूलों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्र सेवा की भावना का विकास करना है।
प्रिंसिपल मधु शेखावत ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की। निदेशक कर्नल वीर सिंह ने छात्रों को कठिन परिश्रम और अनुशासन को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। वहीं, ग्रुप चैयरमेन पूर्णसिंह रणवा ने विद्यालय की प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि टैगोर सैनिक स्कूल आज क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का उत्कृष्ट केन्द्र बन रहा है।

कर्नल जितेंद्र सिंह राठौड़ ने विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था, अनुशासन एवं सह-पाठयक्रम गतिविधियों की सराहना की और शिक्षकों व विद्यार्थियों को निरंतर श्रेष्ठ प्रदर्शन हेतु प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और विश्वास दिलाया कि शिक्षा और अनुशासन के उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।
