राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के तहत हुए एमओयू की समीक्षा बैठक आयोजित


राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के तहत जिला स्तर पर हुए एमओयू और निवेश प्रस्तावों की समीक्षा बैठक गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने की।

इस दौरान जिला कलक्टर ने समिट में हुए एमओयू और निवेश प्रस्तावों की प्रगति रिपोर्ट ली और उनके क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निवेशकों के साथ नियमित सम्पर्क बनाए रखें और प्रस्तावित परियोजनाओं को धरातल पर उतारने की दिशा में तेजी से कार्य करें।

डॉ. खड़गावत ने कहा कि “निवेश प्रस्तावों का समय पर क्रियान्वयन हमारे जिले की प्रगति के लिए अत्यंत आवश्यक है। सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि निवेशकों को किसी भी स्तर पर परेशानी न हो और उन्हें हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाए। जिले में उद्योग और रोजगार के नए अवसर तभी बढ़ेंगे, जब एमओयू कागज़ों से निकलकर ज़मीनी स्तर पर नज़र आएं।”

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कृषि वितरण, विद्युत, शिक्षा, चिकित्सा, आयुर्वेद, परिवहन, उद्योग और पर्यटन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में हुए एमओयू के लिए भूमि आवंटन, निर्माण कार्य और उद्योगों की स्थापना की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। सभी विभागों को नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर महेंद्र मीणा, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक बजरंग सांगवा, नगर परिषद आयुक्त भगवान सिंह, खनन अभियंता ललित मंगल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

error: News 1 Rajasthan