तेजा दशमी पर चितावा में बेनीवाल का विशेष दौरा, युवाओं के बढ़ते समर्थन के बीच हेलिकॉप्टर से करेंगे सभाएं

कल 2 सितंबर मंगलवार को तेजा दशमी पर डीडवाना-कुचामन जिले के चितावा में इस बार माहौल खास रहने वाला है। लोक देवता वीर तेजाजी महाराज के बलिदान दिवस “तेजा दशमी” पर आरएलपी सुप्रीमो व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल 2 सितंबर को हेलिकॉप्टर से यहां पहुंचेंगे।

वे तेजाजी महाराज के दर्शन करेंगे और विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। हाल ही में एसआई भर्ती परीक्षा रद्द होने के मुद्दे पर बेनीवाल की मुखर सक्रियता ने प्रदेशभर में युवाओं का समर्थन उन्हें दिलाया है। यही कारण है कि चितावा का यह दौरा न केवल धार्मिक, बल्कि राजनीतिक दृष्टि से भी बेहद अहम माना जा रहा है।

चितावा दौरे के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं के जुटने की संभावना जताई जा रही है। आरएलपी नेताओं का कहना है कि बेनीवाल की आवाज ने बेरोजगारों की पीड़ा को मंच दिया है और आज प्रदेशभर में नौजवान उनकी तरफ आकर्षित हो रहे हैं।

सांसद बेनीवाल दिनभर हेलिकॉप्टर से प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित मेलों और धार्मिक आयोजनों में शिरकत करेंगे। उनका कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा—

ग्राम सिंगड़ी (जिला चुरू) – सुबह 10:15 बजे

ग्राम चितावा (जिला डीडवाना-कुचामन) – सुबह 11:15 बजे

सुरसुरा (जिला अजमेर) – दोपहर 12:15 बजे

धीराणा तालाब, बिदासर (जिला चुरू) – दोपहर 01:15 बजे

खरनाल (जिला नागौर) – दोपहर 02:15 बजे

भीमथल, धोरीमन्ना (जिला बाड़मेर) – शाम 04:00 बजे

बेनीवाल अपने संबोधनों में तेजाजी महाराज की लोक आस्था का महत्व बताते हुए प्रदेश की मौजूदा समस्याओं और युवाओं के मुद्दों को भी उठाएंगे। राजनीतिक जानकार मानते हैं कि तेजा दशमी पर यह दौरा बेनीवाल की बढ़ती जनस्वीकृति और खासकर युवाओं में उनकी पकड़ को और मजबूत करने वाला साबित हो सकता है।

error: News 1 Rajasthan