अखिल भारतीय सब जूनियर फुटबॉल प्रतियोगिता में राजस्थान की बेटियों ने एक और बड़ा मुकाम हासिल किया है। रोमांचक मुकाबले में राजस्थान ने छत्तीसगढ़ को 3–1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। इस जीत ने साबित कर दिया कि राजस्थान महिला फुटबॉल अब राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना रही है और इसमें नागौर की बेटियों का योगदान अहम रहा है।

दिलीप सिंह शेखावत की मेहनत से नई ऊँचाइयाँ
राजस्थान फुटबॉल संघ के सचिव दिलीप सिंह शेखावत की अगुवाई में टीम लगातार नए कीर्तिमान गढ़ रही है। उनके अनुभव और कड़ी मेहनत का नतीजा है कि आज राजस्थान के तीन खिलाड़ी भारत की राष्ट्रीय टीम में भी खेल रहे हैं।
उन्होंने न सिर्फ खिलाड़ियों को बेहतर मंच दिया, बल्कि राज्यभर की प्रतिभाओं को जोड़कर फुटबॉल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया।

नागौर जिला फुटबॉल संघ के सचिव सैयद फरहत अली ने बताया कि इस मुकाबले में राजस्थान की टीम में खेल रही नागौर की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन किया और टीम को सेमीफाइनल तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि गाँव-गाँव से निकलकर बेटियों का इस स्तर तक पहुँचना नागौर के लिए गर्व की बात है।

नागौर जिला फुटबॉल संघ के उपाध्यक्ष शबीक अहमद उस्मानी ने कहा कि पिछले वर्षों में राजस्थान फुटबॉल में जो क्रांति आई है, उसका श्रेय दिलीप सिंह शेखावत के साथ-साथ जिले के प्रशिक्षकों और अकादमियों को भी जाता है। उन्होंने बताया कि मामडोली, बाजवास, मकराना, सुदरासन हीरावती, कुचामन, डीडवाना और गुणावती जैसे गाँवों में फुटबॉल अकादमियाँ खोलकर ग्रामीण प्रतिभाओं को अवसर दिया गया है और वही प्रतिभाएं आज राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन कर रही है

डीडवाना – कुचामन और नागौर में खुशी की लहर
राजस्थान की इस जीत से डीडवाना – कुचामन और नागौर जिले ही नहीं, पूरे प्रदेश में खुशी की लहर दौड़ गई। गौरतलब है कि इसी टीम की मैनेजर सुमन मेहरड़ा हैं और वो भी डीडवाना से ही है।

खिलाड़ियों को बधाई देने वालों में डॉ. सोहन चौधरी, सिग्मा साइंस के प्रिंसिपल अराफात अली, विनोद मारोठिया, हनुमानजी कछावा, विमल पारीक कुचामन, सगीर अली, जाकीर अली, कोच शादाब उस्मानी, सरफराज मकराना, असलम खान, बाबू सईद, हनीफ गौड़ मकराना, पन्नाराम सांखला, चेना राम, मोहम्मद आरिफ, सादिक अली, जुल्फिकार, रणवीर सिंह, मुजाहिद सिद्दीकी सहित कई गणमान्य लोग शामिल रहे।
