राजीव गांधी की 81वीं जयंती पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि, सद्भावना दिवस पर याद किए योगदान


भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की 81वीं जयंती पर बुधवार को शहर के कनोई पार्क में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पार्षदों और नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने उनके योगदान को याद करते हुए संकल्प लिया कि उनके बताए मार्ग पर चलते हुए राष्ट्रीय एकता, शांति और सौहार्द को बढ़ावा देंगे।

गौरतलब है कि हर साल 20 अगस्त को पूरे देश में सद्भावना दिवस मनाया जाता है, जो राजीव गांधी के जन्मदिन को समर्पित है। इस दिवस का उद्देश्य समाज में भाईचारा, आपसी प्रेम और सांप्रदायिक सौहार्द को मजबूत करना है।

नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुतेन्द्र सारस्वत ने कहा कि राजीव गांधी को “आधुनिक भारत का निर्माता” कहा जाता है। वे देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री बने और उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी, दूरसंचार और विज्ञान के क्षेत्र में बड़े बदलावों की नींव रखी। सारस्वत ने बताया कि भारत में कंप्यूटर क्रांति और टेलीकॉम नेटवर्क के विस्तार का श्रेय राजीव गांधी को ही जाता है।

उन्होंने आगे कहा कि राजीव गांधी ने देश की विविधता को एक सूत्र में पिरोने और शांति बनाए रखने के लिए कई अहम कदम उठाए, जिसके कारण आज भी लोग उन्हें प्रेरणा स्रोत मानते हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी उन्हें याद करते हुए उनके योगदानों पर प्रकाश डाला और देश की प्रगति में उनके सपनों को साकार करने का संकल्प लिया।

इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष शेर अली खान , ब्लॉक अध्यक्ष भंवर अली खान ,नगर अध्यक्ष सुतेंद्र सारस्वत, दुर्गाराम चौधरी, गजेंद्र कांसोटिया, चैनसुख ,सलीम भाटी सम्मू, नासिर रंगरेज, परसाराम बुगालिया सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे ।

error: News 1 Rajasthan