कुचामन सिटी। भारतीय जनता पार्टी (नागौर देहात) की नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा के बाद से कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में भाजपा नेता विजय सिंह पलाड़ा को जिला उपाध्यक्ष बनाए जाने पर कुचामन सिटी सहित उनके पैतृक गांव पलाड़ा में जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने माला पहनाकर व ढोल-नगाड़ों के साथ पलाड़ा का जोरदार अभिनंदन किया।

इस दौरान आयोजित स्वागत कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। ग्रामीणों ने कहा कि विजय सिंह पलाड़ा पिछले एक दशक से भी अधिक समय से सक्रिय राजनीति में निरंतर कार्यरत हैं। उन्होंने आमजन की समस्याओं को लेकर सदैव संघर्ष किया है। चाहे सत्ता में हो या विपक्ष में, उन्होंने जनसेवा को ही अपना ध्येय बनाए रखा।

पलाड़ा को भाजपा जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। स्वागत समारोह में वक्ताओं ने कहा कि पलाड़ा ने संगठन के लिए समर्पित भाव से कार्य किया है और यह पद उन्हें उनकी मेहनत का प्रतिफल है।
गौरतलब है कि मंगलवार को भाजपा नागौर देहात जिलाध्यक्ष सुनीता माहेश्वरी (रांदड़) ने पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देशानुसार डीडवाना-कुचामन जिले की नई कार्यकारिणी घोषित की थी। इस कार्यकारिणी में 100 से अधिक पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं, जिनमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मंत्री, महामंत्री, सह महामंत्री, प्रवक्ता, मीडिया प्रभारी, आईटी संयोजक आदि प्रमुख रूप से शामिल हैं। विजय सिंह पलाड़ा को उपाध्यक्ष पद का महत्वपूर्ण दायित्व दिया गया है।

बता दे कि युवा नेता विजय सिंह पलाड़ा पूर्व में युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष, दो बार भाजपा जिला महामंत्री और भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य के रूप में पार्टी में अपनी भागीदारी निभा चुके हैं ।

अपनी नियुक्ति पर विजय सिंह पलाड़ा ने प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, संगठन के वरिष्ठ नेताओं व जिला अध्यक्ष सुनीता माहेश्वरी (रांदड़) का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो भरोसा जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। संगठन को मजबूती देने के लिए वे पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ काम करते रहेंगे। विजय सिंह पलाड़ा को जिला उपाध्यक्ष बनाए जाने पर परबतसर से पूर्व विधायक मान सिंह किनसरिया, अजमेर जिला प्रमुख सुशील कंवर पलाड़ा,भाजपा नेता भंवर सिंह पलाड़ा सहित कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दी है ।
इसी के साथ एडवोकेट राजेश गुर्जर को भी जिला उपाध्यक्ष बनाए जाने पर कुचामन और नावां में उनका भव्य स्वागत किया गया ।