डेगाना मंडी में मंडी सचिव की बड़ी कार्रवाई: अवैध कृषि जिंसों से भरा ट्रक पकड़ा, 69,196 रुपये का जुर्माना वसूला,मचा हड़कंप


डेगाना क्षेत्र में अवैध रूप से कृषि जिंसों की खरीद-फरोख्त पर अब मंडी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कृषि उपज मंडी समिति डेगाना के सचिव राजेंद्र कुमार चौधरी द्वारा शुक्रवार को किए गए औचक निरीक्षण में एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जिसमें चना से भरा एक ट्रक जब्त किया गया और 69,196 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

राजस्थान नेशनल हाईवे-458 पर सांजू के पास दबिश
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे, मंडी सचिव चौधरी ने टीम के साथ नेशनल हाईवे-458 पर सांजू के समीप अवैध रूप से कृषि जिंसों की ढुलाई कर रहे एक ट्रक को रोका। गहन पूछताछ में सामने आया कि ट्रक चालक सतवीर पुत्र दयानंद, निवासी चिड़ावा (जिला झुंझुनूं), ट्रक में 630 कट्टे चना ले जा रहा था, जिसकी बाजार कीमत लगभग 16 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई।

कृषि उपज विपणन अधिनियम के तहत कार्रवाई
यह कार्रवाई राजस्थान कृषि उपज विपणन अधिनियम 1961 की धारा 27(बी) के तहत की गई। सचिव चौधरी ने मौके पर ही ट्रक को जब्त कर उसे मंडी परिसर में खड़ा कराया। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 69,196 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

राजेंद्र कुमार चौधरी,सचिव,कृषि उपज मंडी, डेगाना

निरीक्षण से मंडी क्षेत्र में मचा हड़कंप


मंडी सचिव चौधरी की सक्रियता और औचक निरीक्षण के चलते क्षेत्र में अवैध रूप से कृषि जिंसों का क्रय-विक्रय करने वाले तत्वों में हड़कंप मच गया । गौरतलब है कि उनकी नियुक्ति के बाद से ही मंडी में पारदर्शिता और कानून व्यवस्था को लेकर उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। सचिव चौधरी ने लगातार फील्ड में मौजूद रहकर कार्रवाई करने किनबात कही हैं और मंडी को अवैध गतिविधियों से मुक्त कराने का लक्ष्य तय किया हैं।

किसानों से की अपील


मंडी सचिव ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी उपज सीधे व्यापारियों को न बेचें। मंडी में उपज बेचने पर उन्हें उचित समर्थन मूल्य और पारदर्शी भुगतान प्रणाली का लाभ मिलेगा। मंडी समिति का उद्देश्य किसानों को उनका उचित हक और दाम दिलवाना है।


error: News 1 Rajasthan