डीडवाना-कुचामन में निकाय चुनाव का बिगुल बजा, पहले दिन 26 प्रत्याशियों ने दाखिल किए 35 नामांकन; डीडवाना में पूर्व चेयरमैन हीरालाल सोलंकी ने भरा पहला पर्चा


अधिसूचना जारी होते ही RO कार्यालयों पर उमड़ी दावेदारों की भीड़, कुचामन में 8 और मकराना में 12 नामांकन; नावां में पहले दिन नहीं आया एक भी पर्चा


डीडवाना-कुचामन। राजस्थान में नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही डीडवाना-कुचामन जिले में भी चुनावी बिगुल बज गया है। गुरुवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही जिले की सभी आठ नगर निकायों में चुनावी गतिविधियां तेज हो गईं और रिटर्निंग अधिकारियों के कार्यालयों पर दिनभर प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों की भीड़ नजर आई। राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 27 अगस्त से शुरू होकर 31 अगस्त तक चलेगी।

इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया पूरी होगी। जिले में मतदान दो चरणों में 9 और 11 सितंबर को होगा तथा मतगणना 14 सितंबर को की जाएगी। डीडवाना-कुचामन जिले की चार निकायों—डीडवाना, कुचामनसिटी, लाडनूं और बोरावड़—में 9 सितंबर को, जबकि मकराना, खाटू खुर्द, परबतसर और नावां में 11 सितंबर को मतदान निर्धारित है।



डीडवाना में पूर्व चेयरमैन हीरालाल सोलंकी ने दाखिल किया पहला नामांकन


नामांकन के पहले दिन डीडवाना में सबसे पहले वार्ड संख्या 32 से पूर्व चेयरमैन हीरालाल सोलंकी ने अपना नामांकन दाखिल किया। वे डीडवाना विधायक एवं पूर्व मंत्री यूनुस खान के साथ रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय पहुंचे और रिटर्निंग अधिकारी राजवीर सिंह यादव के समक्ष अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। इसके बाद वार्ड संख्या 32 से ही हीरालाल सोलंकी के पुत्र विजय सोलंकी तथा वार्ड संख्या 16 से सुधा देवी ने भी अपने नामांकन दाखिल किए। डीडवाना में पहले दिन कुल 4 प्रत्याशियों ने 4 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए।


कुचामन में 5 प्रत्याशियों ने दाखिल किए 8 नामांकन


कुचामन सिटी में भी नामांकन को लेकर दावेदारों में खासा उत्साह नजर आया। यहां पहले दिन 5 प्रत्याशियों ने कुल 8 नामांकन पत्र रिटर्निंग अधिकारी सुरेंद्र सिंह चौधरी के समक्ष प्रस्तुत किए। कुछ प्रत्याशियों द्वारा एक से अधिक नामांकन पत्र दाखिल किए जाने से नामांकन की संख्या प्रत्याशियों की संख्या से अधिक रही।


मकराना में सबसे ज्यादा 12 नामांकन, कुछ दावेदारों ने भरे दो-दो पर्चे


मकराना में पहले दिन नामांकन दाखिल करने को लेकर दावेदारों में खासा उत्साह रहा। यहां कुल 12 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। कुछ प्रत्याशियों ने दो-दो नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। नामांकन पत्र रिटर्निंग अधिकारियों लाखन सिंह गुर्जर और रामस्वरूप मीणा के समक्ष पेश किए गए।


लाडनूं में 4 प्रत्याशियों ने भरे 7 नामांकन


लाडनूं में पहले दिन 4 प्रत्याशियों ने कुल 7 नामांकन पत्र दाखिल किए। रिटर्निंग अधिकारी ममता लहुआ ने नामांकन प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी। वहीं बोरावड़ में 2 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए, जिनके नामांकन रिटर्निंग अधिकारी बाबूलाल जाट के समक्ष प्रस्तुत किए गए।

परबतसर और छोटी खाटू में भी खुला खाता, नावां में नहीं आया एक भी पर्चा


परबतसर में नामांकन के पहले दिन 1 प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल किया। रिटर्निंग अधिकारी कुसुमलता चौहान के समक्ष नामांकन पत्र प्रस्तुत किया गया। वहीं छोटी खाटू में भी पहले दिन 1 नामांकन दाखिल हुआ, जिसे रिटर्निंग अधिकारी तुक्काचंद के समक्ष पेश किया गया।

दूसरी ओर नावां नगर पालिका में पहले दिन एक भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ। नावां के रिटर्निंग अधिकारी हुकमीचंद रोहलानिया ने इसकी जानकारी दी।


पहले दिन कुल 26 प्रत्याशी, 35 नामांकन


जिले की आठों निकायों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार पहले दिन कुल 36 प्रत्याशियों ने 38 नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें डीडवाना में 4, कुचामनसिटी में 8, मकराना में 12, परबतसर में 1, लाडनूं में 7, बोरावड़ में 2 और छोटी खाटू में 1 नामांकन शामिल है, जबकि नावां में कोई नामांकन नहीं हुआ। कुछ प्रत्याशियों द्वारा दो-दो नामांकन पत्र दाखिल किए जाने के कारण कुल नामांकन पत्रों की संख्या प्रत्याशियों की संख्या से अधिक रही।


नामांकन के लिए अब सिर्फ 29 और 31 अगस्त का मौका


नामांकन प्रक्रिया 31 अगस्त तक चलेगी, लेकिन बीच में 28 अगस्त को रक्षाबंधन और 30 अगस्त को रविवार होने के कारण नामांकन दाखिल करने के लिए व्यावहारिक रूप से अब 29 और 31 अगस्त के दिन ही शेष रहेंगे। ऐसे में राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के साथ-साथ निर्दलीय दावेदारों की भी अगले दो दिनों में नामांकन दाखिल करने को लेकर गतिविधियां तेज होने की संभावना है।


जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीणा के निर्देशन में जिले के सभी आठ नगरीय निकायों में निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर प्रशासनिक तैयारियां की गई हैं। इससे पहले निकाय चुनाव के लिए जिले के आठों निकायों से जुड़े मास्टर ट्रेनरों को निर्वाचन प्रक्रिया और ईवीएम संचालन का प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।
नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही अब डीडवाना-कुचामन जिले की निकाय राजनीति में तस्वीर तेजी से साफ होने लगी है।

राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रत्याशियों के साथ-साथ बागी और निर्दलीय दावेदार भी मैदान में उतरने की तैयारी में हैं। ऐसे में 31 अगस्त तक दाखिल होने वाले नामांकन और उसके बाद होने वाली नाम वापसी के बाद ही प्रत्येक वार्ड में चुनावी मुकाबले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।

error: News 1 Rajasthan