डीडवाना : 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग में जिया पटवारी की शानदार हैट्रिक, नेशनल चैंपियनशिप के लिए किया क्वालीफाई


लगातार तीन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बढ़ाया डीडवाना का गौरव, अग्रवाल समाज सहित शहरभर में खुशी की लहर


डीडवाना। शहर की होनहार बेटी जिया पटवारी ने 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता में लगातार तीन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शानदार सफलता हासिल की है। जिया ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर तीन प्रतियोगिताओं में लगातार शानदार प्रदर्शन कर हैट्रिक लगाई तथा नेशनल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया है। उनकी इस उपलब्धि से डीडवाना सहित पूरे अग्रवाल समाज और पटवारी परिवार में खुशी का माहौल है।
जिया पटवारी ने 45वीं नॉर्थ जोन शूटिंग चैंपियनशिप, देहरादून, 75वीं इंडिया ओपन शूटिंग चैंपियनशिप, भोपाल तथा 35वीं जी.वी. मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप, देहरादून में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। लगातार तीन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिया ने यह साबित किया है कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।


जिया की इस उपलब्धि पर अग्रवाल आज अध्यक्ष कमल बगड़िया सहित पूरे अग्रवाल समाज ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कमल बगड़िया ने जिया की सफलता को समाज और शहर के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। जिया की यह उपलब्धि दूसरी बेटियों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने जिया के उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्रीय स्तर पर और बड़ी सफलताएं हासिल करने की कामना की।


वहीं नगर परिषद उपसभापति हरीश मोदी ने भी जिया पटवारी को बधाई देते हुए कहा कि डीडवाना की बेटी ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से शहर का नाम रोशन किया है। खेल के क्षेत्र में इस तरह की उपलब्धियां युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने जिया के दादा समाजसेवी राजेंद्र पटवारी, पिता मनीष पटवारी और पूरे पटवारी परिवार को भी इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर बधाई दी।
जिया के दादा एवं समाजसेवी राजेंद्र पटवारी ने पोती की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि जिया ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन से परिवार का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि परिवार को जिया की उपलब्धि पर गर्व है और उम्मीद है कि वह भविष्य में भी इसी तरह आगे बढ़ते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डीडवाना का नाम रोशन करेगी।


गौरतलब है कि जिया पटवारी शहर के प्रतिष्ठित पटवारी परिवार से संबंध रखती हैं। वह समाजसेवी राजेंद्र पटवारी की पौत्री और मनीष पटवारी की पुत्री हैं। जिया की इस उपलब्धि पर शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं तथा पटवारी परिवार को बधाई संदेश प्रेषित किए हैं।
जिया की यह सफलता केवल उनके परिवार की ही नहीं, बल्कि पूरे डीडवाना शहर के लिए गर्व और गौरव का क्षण है। अब शहरवासियों को राष्ट्रीय चैंपियनशिप में जिया के शानदार प्रदर्शन और नई उपलब्धियों का इंतजार है।

error: News 1 Rajasthan