कुचामन सिटी। कुचामन क्षेत्र में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों के सम्मान में कमला कुंज में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में वार्ड नंबर 5 से विजयी हुए विजेंद्र मुहाल तथा वार्ड नंबर 1 से निर्वाचित भगवाना राम परेवड़ी का फूलमालाओं एवं साफा पहनाकर स्वागत और सम्मान किया गया।
गौरतलब है कि दोनों प्रत्याशियों ने राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के टिकट पर पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ा था और अपने-अपने वार्ड से जीत दर्ज कर पंचायत समिति में प्रतिनिधित्व हासिल किया है। उनकी जीत के बाद समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

विजेंद्र मुहाल ने जताया मतदाताओं का आभार
इस अवसर पर नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्य विजेंद्र मुहाल ने अपने समर्थकों एवं वार्डवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उसकी अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाकर विकास कार्यों के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
भगवाना राम परेवड़ी ने विकास को बताया प्राथमिकता
वहीं, नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्य भगवाना राम परेवड़ी ने भी मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह जीत क्षेत्र की जनता के विश्वास और सहयोग का परिणाम है। वे पंचायत समिति क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और आमजन की आवाज को जिम्मेदार मंच तक पहुंचाने के लिए काम करेंगे।
समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने दोनों जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे क्षेत्र के विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर शिव मुहाल, मनोज चौधरी, महेंद्र दहिया सहित अनेक गणमान्य नागरिक, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। समारोह में दोनों नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों का अभिनंदन कर उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की गई।
