शहरिया बास की घटना से लोगों में आक्रोश, पार्षद उमरदीन के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन; जिम्मेदार अधिकारियों की जांच, पीड़ित परिवार को मुआवजा और आवारा गौवंश से स्थायी निजात दिलाने की मांग
लाडनूं। शहर में आवारा गौवंश का आतंक अब आम नागरिकों की जान पर भारी पड़ने लगा है। सड़कों और बाजारों में खुलेआम घूमते सांडों की लड़ाई और हमलों से आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है, लेकिन इस समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो पाया है। शहरिया बास में 25 नवंबर को पैदल जा रही एक महिला की सांडों की लड़ाई की चपेट में आने से हुई मौत ने इस समस्या की गंभीरता को उजागर कर दिया है।
महिला की मौत के बाद शुक्रवार को शहरवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। वार्ड नंबर 9 के पार्षद उमरदीन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष नगर पालिका कार्यालय पहुंचे और जिला कलेक्टर, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी एवं पालिका अध्यक्ष के नाम ज्ञापन सौंपा। लोगों ने घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने, मृतका के परिवार को उचित मुआवजा देने और शहर को आवारा पशुओं से मुक्त कराने की मांग उठाई।
जिम्मेदार अधिकारी नहीं मिले तो पालिका परिसर में धरने पर बैठे लोग
नगर पालिका कार्यालय पहुंचने पर जब लोगों को कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं मिला तो उनका आक्रोश और बढ़ गया। नाराज नागरिक कार्यालय परिसर में ही धरना देकर बैठ गए। बाद में नगर पालिका के लेखाधिकारी राजेंद्र सिंह पंवार ने लोगों से समझाइश की और उनका ज्ञापन प्राप्त किया। पंवार ने बताया कि बेसहारा पशुओं को पकड़कर नंदीशाला और गौशालाओं में पहुंचाने के लिए टेंडर प्रक्रिया की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही इस समस्या का समाधान किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि अधिशासी अधिकारी सहित अन्य अधिकारी चुनाव संबंधी कार्यों में बाहर गए हुए हैं और ज्ञापन उन तक पहुंचा दिया जाएगा।

शहर के प्रमुख स्थान भी गौवंश के आतंक से प्रभावित
लोगों का कहना है कि समस्या केवल शहरिया बास तक सीमित नहीं है। गांधी चौक, सब्जी मंडी, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, कमल चौक, मालियों का बास सहित शहर के अनेक प्रमुख स्थानों पर बेसहारा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। सड़कों पर सांडों की लड़ाई, वाहनों के सामने अचानक आ जाना और राहगीरों पर हमले जैसी घटनाओं से आमजन भयभीत हैं। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों का सड़कों पर निकलना तक जोखिम भरा हो गया है।
विडंबना यह है कि प्रशासन को इस समस्या की गंभीरता का अहसास कराने के लिए एक महिला की जान चली गई, तब जाकर पशुओं को पकड़ने के टेंडर और कार्रवाई की बातें सामने आने लगीं। सवाल यह है कि जब शहर में लंबे समय से आवारा गौवंश की समस्या बनी हुई थी, तब हादसे रोकने के लिए पहले से प्रभावी व्यवस्था क्यों नहीं की गई?
हाईकोर्ट के फैसले का हवाला देकर मांगा मुआवजा
ज्ञापन में बीकानेर नगर निगम से जुड़े एक मामले में राजस्थान हाईकोर्ट के 22 फरवरी 2024 के फैसले का भी हवाला दिया गया है। इस मामले में हाईकोर्ट ने सांड के हमले में महिला की मौत पर स्थायी लोक अदालत द्वारा पीड़ित परिवार को दिए गए 3 लाख रुपये के मुआवजे के आदेश को बरकरार रखा था। अदालत ने आवारा पशुओं को सड़कों से दूर रखने में स्थानीय निकाय की जिम्मेदारी पर भी टिप्पणी की थी।
लाडनूं के नागरिकों ने इसी न्यायिक फैसले को ध्यान में रखते हुए मृतका के परिजनों को उचित आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
नगर पालिका ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
मामले में अब नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने स्वास्थ्य निरीक्षक रामचन्द्र पूनिया और जमादार महेन्द्र कुमार को निर्देशित किया है कि वे तत्काल प्रभाव से शहर में घूम रहे बेसहारा पशुओं को हटाकर सुरक्षित गौशालाओं में पहुंचाना सुनिश्चित करें।
अब देखना यह होगा कि ये निर्देश कागजों तक सीमित रहते हैं या वास्तव में शहर की सड़कों से आवारा गौवंश का आतंक समाप्त करने के लिए ठोस कार्रवाई होती है।
आखिर कब मिलेगी शहरवासियों को राहत?
एक महिला की मौत के बाद धरना, ज्ञापन, टेंडर और अधिकारियों के आश्वासन सामने आ रहे हैं, लेकिन शहरवासियों का सवाल सीधा है कि क्या प्रशासन किसी और हादसे का इंतजार कर रहा है? आवारा गौवंश की समस्या केवल सफाई या यातायात व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि आम नागरिकों की जिंदगी और सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है। इसका समाधान अस्थायी पकड़-धकड़ से नहीं, बल्कि नियमित निगरानी, जवाबदेही और स्थायी व्यवस्था से ही संभव है।
ज्ञापन देने वालों में पार्षद उमरदीन, मृतका के परिजन एवं पीड़ित परिवार के सदस्य अब्दुल खालिद सहित जावेद रिजवी, मुराद, सलीम खां, तालिब खां, अबरार, नूर मोहम्मद, सोयल खां, आरिफ, रहमान, सदीक, आसिफ, इमरान, सफी मोहम्मद, मोहम्मद रफीक सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
