मदरसा इस्लामिया सोसायटी में राजस्व राज्य मंत्री विजय चौधरी और सभापति महेश रामचंद्रका का अभिनंदन

मदरसा इस्लामिया सोसायटी में राजस्व राज्य मंत्री विजय चौधरी और सभापति महेश रामचंद्रका का अभिनंदन,

मुस्लिम समाज के पार्षदों,प्रतिनिधियों और मनोनीत मेंबर्स का भी हुआ सम्मान

कुचामन सिटी में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री विजय चौधरी ने दिया भरोसा, सभी 45 वार्डों में होंगे समान विकास कार्य; सभापति बोले, शहरवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए 24 घंटे उपलब्ध

कुचामन सिटी। शहर के गुलाब बाड़ी स्थित मदरसा इस्लामिया सोसायटी के बालिका विद्यालय में रविवार को मुस्लिम समाज की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। मदरसा इस्लामिया सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय विधायक और राजस्थान सरकार के राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी, नगर परिषद सभापति महेश रामचंद्रका, उपसभापति बाबूलाल मारवाड़ा सहित अन्य प्रतिनिधियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान नगर निकाय चुनाव में निर्वाचित मुस्लिम समाज के पार्षदों और उनके प्रतिनिधियों के साथ सोसायटी में मनोनीत सदस्यों का भी सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का मंच संचालन अजमत मौलानी ने किया। उन्होंने समारोह के दौरान अतिथियों एवं सम्मानित सदस्यों का परिचय देते हुए कार्यक्रम की गतिविधियों का संचालन किया।उन्होंने बताया कि सोसायटी के सदर मोहम्मद सलीम, हबीब सोलंकी और सोसायटी के अन्य सदस्यों की ओर से राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी, सभापति महेश रामचंद्रका, उपसभापति बाबूलाल मारवाड़ा, सोहन लाल सुंडा, सरपंच बनवारी लाल, शेखर कड़वा और जीवन भींचर का अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम में समाज के लोगों ने अतिथियों का स्वागत करते हुए शहर के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य करवाने की उम्मीद जताई। समारोह के दौरान जनप्रतिनिधियों ने भी शहर के विकास को प्राथमिकता देने और आमजन की समस्याओं के समाधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

सभी 45 वार्डों में समान विकास कार्य होंगे : विजय चौधरी

समारोह को संबोधित करते हुए राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने कहा कि कुचामन शहर के सभी 45 वार्डों में समान रूप से विकास कार्य करवाए जाएंगे। शहर के विकास में किसी भी वार्ड के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा और प्रत्येक क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।


उन्होंने नगर परिषद के नवनिर्वाचित बोर्ड के सभापति और उपसभापति का आह्वान करते हुए कहा कि शहर के विकास के लिए राजनीति से ऊपर उठकर काम करने की जरूरत है। जनप्रतिनिधियों का मुख्य उद्देश्य शहर की समस्याओं का समाधान करना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना होना चाहिए।

मंत्री ने उपस्थित लोगों को आश्वस्त किया कि नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होने दिया जाएगा। सभी वार्डों में समान अवसर और विकास की भावना के साथ काम किया जाएगा, ताकि शहर के प्रत्येक क्षेत्र को इसका लाभ मिल सके।

शहरवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए 24 घंटे उपलब्ध हूं : महेश रामचंद्रका

नगर परिषद सभापति महेश रामचंद्रका ने अपने संबोधन में कहा कि शहरवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए वे 24 घंटे उपलब्ध हैं। शहर का कोई भी नागरिक अपनी समस्या या सुझाव सीधे उनके सामने रख सकता है।


उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान करवाना उनकी प्राथमिकता है। शहर के विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए नगर परिषद की ओर से निरंतर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शहरवासियों की शिकायतों को गंभीरता से लेकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।

सभी वार्डों में समस्याओं का समाधान प्राथमिकता : बाबूलाल मारवाड़ा

नगर परिषद उपसभापति बाबूलाल मारवाड़ा ने कहा कि शहर के सभी 45 वार्डों में अलग-अलग प्रकार की समस्याएं हैं। नगर परिषद का प्रयास रहेगा कि इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए और प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कार्य करवाए जाएं।


उन्होंने कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और आमजन के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। सभी क्षेत्रों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

मुस्लिम समाज के पार्षदों और प्रतिनिधियों का सम्मान

समारोह के दौरान नगर निकाय चुनाव में निर्वाचित मुस्लिम समाज के पार्षदों एवं उनके प्रतिनिधियों इकबाल भाटी, इमरान खान, रजिया देवड़ा, इमरान देवड़ा, साजिदा बानो, अयूब शेख, अमतूल बानो और जुम्मा न्यारिया का मदरसा इस्लामिया सोसायटी की ओर से सम्मान किया गया।

इसके साथ ही सोसायटी में मनोनीत हुए सदस्यों अंसार अहमद सिद्दीकी, जाकिर हुसैन, दराब खान, जहीर खान और अब्बास खान का भी स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

समाज के गणमान्य लोग रहे मौजूद

समारोह के अंत में सचिव हबीब सोलंकी ने आयोजन में शामिल हुए सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, समाज के सदस्यों और गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर आरिफ खान, मईनुद्दीन शेख, आरिफ टाक, अहमद खान, एडवोकेट अय्यूब अली, तारदीन कारीगर, याकूब खान, इसहाक शाह, फारूक अली, याकूब भाटी कुरैशी, डीएम कुरैशी, अजहरुद्दीन, सैयद नईमुद्दीन काजी, इस्माइल शाह सहित मदरसा इस्लामिया सोसायटी के सदस्य और शहर के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

error: News 1 Rajasthan