कुचामन में स्व. बालकृष्ण सारड़ा की 31वीं पुण्यतिथि पर सेवा और जनकल्याण के होंगे कई आयोजन, विकास समिति ने शुरू की तैयारियां

16 अक्टूबर को रक्तदान शिविर, मरीजों को फल वितरण, विद्यार्थियों को स्वेटर व सिलाई मशीनें देने सहित होंगे विभिन्न कार्यक्रम

कुचामन सिटी। कुचामन के विकास और जनसेवा के लिए समर्पित रहे स्वर्गीय बालकृष्ण सारड़ा की 31वीं पुण्यतिथि के अवसर पर कुचामन विकास समिति की ओर से 16 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पुण्यतिथि को सेवा, सामाजिक सरोकार और जरूरतमंदों की सहायता के रूप में मनाने के लिए समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।


कार्यक्रमों की तैयारियों के संबंध में कुचामन विकास समिति के प्रधान कार्यालय विकास भवन में बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति अध्यक्ष ओमप्रकाश काबरा, सचिव बनवारीलाल मोर, संपत सोमानी, मुरारीलाल गौड़, प्रकाश दाधीच और राकेश पारीक सहित अन्य सदस्य शामिल हुए। बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और विभिन्न सेवा गतिविधियों को सफल बनाने पर चर्चा की गई।

समिति अध्यक्ष ओमप्रकाश काबरा ने बताया कि स्वर्गीय बालकृष्ण सारड़ा ने कुचामन के विकास के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया। उनकी स्मृति में आयोजित पुण्यतिथि कार्यक्रमों का उद्देश्य उनके सेवा भाव और सामाजिक सरोकारों की परंपरा को आगे बढ़ाना है। समिति की ओर से इस अवसर पर शहरवासियों से भी कार्यक्रमों में भागीदारी निभाने की अपील की गई है।

सुबह से रात तक होंगे सेवा के कार्यक्रम

पुण्यतिथि पर सुबह 7:15 बजे पुराने बस स्टैंड स्थित सारड़ाजी की प्रतिमा के समीप सर्वधर्म प्रार्थना सभा, श्रद्धासुमन अर्पित करने तथा स्वच्छता नुक्कड़ नाटक और प्लास्टिक उन्मूलन कार्यक्रम के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
सुबह 10 बजे कुचामन कॉलेज में रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। शिविर में श्री रामजीवन काबरा रोग निदान केंद्र के तत्वावधान में जांच की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी, जिसमें जांच पर 25 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।

इसी समय राजकीय चिकित्सालय के इनडोर वार्ड में भर्ती मरीजों को फल एवं हेल्थ किट वितरित किए जाएंगे। सुबह 10:30 बजे समिति द्वारा संचालित सभी संस्थाओं में श्रद्धांजलि सभा एवं कार्यक्रम आयोजित होंगे।

दोपहर 1:30 बजे विकास भवन के बॉम्बे हॉल में राजकीय विद्यालयों के 550 जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को पुलओवर स्वेटर वितरित किए जाएंगे। साथ ही जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनें देकर आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहित किया जाएगा।कार्यक्रम में अल्पाहार की व्यवस्था भी रहेगी। पुण्यतिथि के अवसर पर रात्रि 7:30 बजे सरला बिड़ला कल्याण मंडपम में भजन संध्या (सुन्दरकाण्ड) का आयोजन होगा।

बालकृष्ण सारड़ा ने रखी कुचामन के विकास की मजबूत नींव

स्वर्गीय बालकृष्ण सारड़ा को कुचामन में विकास कार्यों और सामाजिक संस्थागत गतिविधियों के लिए याद किया जाता है। उन्होंने क्षेत्र में जिला स्तरीय जवाहर नवोदय विद्यालय और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) जैसी महत्वपूर्ण शैक्षणिक सुविधाएं कुचामन में शुरू कराने में अहम भूमिका निभाई । कुचामन शहर में विकास से जुड़ी योजनाओं में उनके योगदान के कारण उन्हें कुचामन के विकास पुरुष के रूप में भी याद किया जाता है।

स्वर्गीय बालकृष्ण सारड़ा की ओर से शुरू की गई कुचामन विकास समिति ,शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय है। समिति की विभिन्न गतिविधियां जरूरतमंदों की सहायता, विद्यार्थियों को प्रोत्साहन और शहर के विकास से जुड़ी हैं। स्वर्गीय सारड़ा की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम इसी सेवा परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास हैं।

कुचामन विकास समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश काबरा, ने बताया कि “स्वर्गीय बालकृष्ण सारड़ा का जीवन कुचामन के विकास और समाजसेवा के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने शहर की शैक्षणिक और सामाजिक प्रगति के लिए जो प्रयास किए, उन्हें हमेशा याद रखा जाएगा। उनकी 31वीं पुण्यतिथि पर हम सेवा कार्यों के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। हमारा प्रयास है कि जरूरतमंद मरीजों, विद्यार्थियों और महिलाओं तक सहायता पहुंचे तथा समाज के अधिक से अधिक लोग इन कार्यक्रमों से जुड़ें। यही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।”

समिति ने शहरवासियों, सामाजिक संगठनों और युवाओं से रक्तदान सहित अन्य सेवा गतिविधियों में भाग लेकर पुण्यतिथि कार्यक्रमों को सफल बनाने की अपील की है।

error: News 1 Rajasthan