कुचामन सिटी,नगरपरिषद् सभापति महेश रामचन्द्रका, उपसभापति बाबूलाल कुमावत एवं आयुक्त शिकेश कांकरिया ने मंगलवार को नगरपरिषद् क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सड़क, नाली, भवन, सिटी पार्क सहित अन्य निर्माण कार्यों का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं संवेदकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत न्यू बस स्टैंड से नगरपरिषद् कार्यालय होते हुए कैंटीन तक निर्माणाधीन सीसी सड़क से हुई। यहां निर्माण कार्य की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। इसके बाद पदमपुरा कनेक्टिंग रोड से माताजी मंदिर तक सीमेंट सड़क तथा डंपिंग यार्ड के अंदर तक कचरा पहुंचाने के लिए बनाई गई नवनिर्मित सीसी सड़क का निरीक्षण किया गया।
टीम ने कुमावत समाज श्मशान में टीन शेड एवं ब्लॉक सड़क निर्माण, झालरा रोड स्थित शिव मंदिर तथा झालरा बावड़ी के पास निर्माणाधीन सीसी सड़क एवं नाला निर्माण का भी जायजा लिया। इन कार्यों पर अधिकारियों ने संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा- महेश रामचंद्रका
मरुधर कॉलेज से आश्रम की ओर निर्माणाधीन सीसी सड़क एवं प्लांट के निरीक्षण के दौरान सभापति महेश रामचन्द्रका ने संवेदक को निर्धारित मानकों के अनुरूप उचित मात्रा में निर्माण सामग्री का उपयोग करने के निर्देश दिए। वहीं कनिष्ठ अभियंता नरेन्द्र सारस्वत को सड़क की कोर कटिंग करवाकर लैब रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही संबंधित बिलों का भुगतान करने के निर्देश दिए गए।
सभापति ने तकनीकी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनहित में करवाए जा रहे प्रत्येक विकास कार्य को निर्धारित मापदंडों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाए।

सिटी पार्क और नंदीशाला को लेकर भी दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन सिटी पार्क का भी जायजा लिया गया। सभापति ने कार्य कर रहे संवेदक राजू कुलड़िया को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शहर में आवारा गोवंश की समस्या के समाधान को लेकर कुचामन गौशाला अध्यक्ष के साथ प्रस्तावित नंदीशाला के लिए स्थान का चिन्हीकरण भी किया गया। सभापति ने नगरपरिषद् आयुक्त को नंदीशाला निर्माण की डीपीआर शीघ्र तैयार करवाने के निर्देश दिए।
आयुक्त बोले: गुणवत्ता की नियमित निगरानी होगी
नगरपरिषद् आयुक्त शिकेश कांकरिया ने कहा कि नगरपरिषद् क्षेत्र में चल रहे सभी विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली और अन्य निर्माण कार्यों में निर्धारित गुणवत्ता एवं तकनीकी मापदंडों का पालन अनिवार्य है। किसी कार्य में कमी पाए जाने पर संबंधित संवेदक एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगरपरिषद् का उद्देश्य शहर में मजबूत, टिकाऊ और जनहितकारी विकास कार्य करवाना है।
निरीक्षण के दौरान पार्षद हेमराज पारीक, दीपचन्द, पार्षद प्रतिनिधि किशन गुर्जर, नगरपरिषद् जे.टी.ए. रायसिंह मीणा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
