कुचामन : गांधी-शास्त्री जयंती पर L.B.S. विद्यालय की भव्य देशभक्ति रैली, झांकियों ने मोहा शहरवासियों का मन


महानायकों के जीवन, संघर्ष और बलिदान को झांकियों के माध्यम से किया जीवंत, देशभक्ति नारों से गूंजा कुचामन शहर


कुचामन सिटी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर L.B.S. विद्यालय द्वारा शुक्रवार को भव्य देशभक्ति रैली का आयोजन किया गया। रैली को SDM सुरेंद्र सिंह चौधरी, तहसीलदार रामेश्वर लाल गढ़वाल एवं थानाधिकारी राजेन्द्र खदाव ने कनोई पार्क से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं समस्त स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली में विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों के जीवन, संघर्ष, त्याग और बलिदान को आकर्षक झांकियों के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। महात्मा गांधी एवं कस्तूरबा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, चंद्रशेखर आजाद, भारत माता तथा अमर शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। भगत सिंह, सुखदेव एवं राजगुरु के बलिदान और फांसी के प्रसंग को दर्शाती झांकी ने लोगों को भाव-विभोर कर दिया।


देशभक्ति नारों से गूंजा शहर


रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत हो गया। शहर के विभिन्न स्थानों पर नागरिकों एवं गणमान्य लोगों ने पुष्प वर्षा कर रैली का स्वागत किया और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
गौशाला के पास सुतेन्द्र कुमार ने रैली पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। वहीं सुरेंद्रनगर क्षेत्र में श्री अशोक कोठारी एवं जनप्रतिनिधि किशन ने विद्यालय स्टाफ सदस्यों का साफा एवं माला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया।


गणमान्य लोगों ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह


रैली में नव निर्वाचित पार्षदों सहित कुचामन फोर्ट क्लब के राम काबरा, लायंस क्लब के सदस्य विष्णु मोयल, गर्भस्थ शिशु संरक्षण समिति के श्याम सैनी, सुरेश सोनी एवं भारत विकास परिषद के सदस्यों सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


राष्ट्रसेवा और देशप्रेम का दिया संदेश


विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को देश के महानायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान से परिचित कराने के साथ-साथ उनमें देशप्रेम, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी एवं राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करते हैं।
रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने सत्य, अहिंसा, त्याग, राष्ट्रसेवा एवं देशभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव को बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।


इस अवसर पर विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर रामदेव खीचड़, डायरेक्टर सतवंत सिंह चौधरी, प्रधानाचार्य सुभाष यादव (रिंग रोड कैंपस), प्रधानाचार्य भंवरलाल दाधीच (सिटी कैंपस), डायरेक्टर आनंद खीचड़ (रिंग रोड कैंपस), संरक्षक गोपाल खीचड़, कोषाध्यक्ष गिरधारी खीचड़ एवं सचिव श्रवणराम खीचड़ सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।


error: News 1 Rajasthan