मकराना : चुनाव जीतने के बाद वार्ड 25 की समस्याओं के समाधान के लिए एक्शन में पार्षद अफसाना, ज्ञापन सौंपकर उठाईं जनसमस्याएं


स्ट्रीट लाइट, सड़क, सफाई, पेयजल, आवारा श्वान और जन्म प्रमाण पत्र शुल्क का मुद्दा उठा; अधिकारियों ने समाधान का दिया भरोसा


मकराना। नगर परिषद मकराना के वार्ड संख्या 25 से पार्षद अफसाना ने वार्डवासियों से किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। वार्ड क्षेत्र की विभिन्न मूलभूत समस्याओं के समाधान को लेकर पार्षद अफसाना ने संबंधित विभागों और नगर परिषद अधिकारियों को छह अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की। इस दौरान पार्षद अफसाना के साथ उनके पति एवं पूर्व उपसभापति मोहम्मद शाहिद रादंड़ भी मौजूद रहे।
ज्ञापनों में वार्ड की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, जन्म प्रमाण पत्र के लिए लिए जा रहे शुल्क, क्षतिग्रस्त सड़कों, आवारा श्वानों की समस्या, सफाई कर्मचारियों की कमी और पेयजल आपूर्ति के अंतराल जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।


पूर्व उपसभापति मोहम्मद शाहिद रादंड़ ने इस दौरान कहा कि वार्डवासियों ने जिन समस्याओं को लेकर पार्षद का ध्यान आकर्षित किया है, उन्हें प्राथमिकता के साथ संबंधित विभागों के समक्ष रखा जा रहा है। जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगातार अधिकारियों से संपर्क किया जाएगा और वार्ड की मूलभूत सुविधाओं में सुधार के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।


स्ट्रीट लाइट की समस्या पर ठेकेदार को पाबंद करने की बात


स्ट्रीट लाइटों को लेकर दिए गए ज्ञापन पर नगर परिषद मकराना के आयुक्त सुनील चौधरी ने कहा कि आगामी दिनों में केवल वार्ड 25 ही नहीं, बल्कि पूरे मकराना शहर में स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। इसके लिए संबंधित ठेकेदार को पाबंद किया जा रहा है।
आयुक्त ने कहा कि शहरभर में खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराया जाएगा और जिन स्थानों पर नई स्ट्रीट लाइट की आवश्यकता है, वहां नई लाइट लगाने की कार्रवाई की जाएगी।


₹700 जन्म प्रमाण पत्र शुल्क के आरोप पर आयुक्त ने ये कहा


जन्म प्रमाण पत्र के लिए ₹700 शुल्क लिए जाने के संबंध में पार्षद द्वारा दिए गए ज्ञापन पर आयुक्त सुनील चौधरी ने कहा कि नगर परिषद में जन्म प्रमाण पत्र सहित विभिन्न प्रमाण पत्रों के लिए निर्धारित शुल्क ही लिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि ₹700 को लेकर जो बात सामने आ रही है, वह वास्तव में सफाई शुल्क है, जो ₹50 प्रतिमाह के हिसाब से एक वर्ष का ₹600 होता है। आयुक्त ने कहा कि यह कहना सही नहीं है कि नगर परिषद जन्म प्रमाण पत्र के लिए ₹700 शुल्क ले रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि आगामी दिनों में मकराना नगर परिषद क्षेत्र में हर घर और प्रतिष्ठान से निर्धारित दर के अनुसार सफाई शुल्क लेने की योजना है।


टूटी सड़कों की मरम्मत का भी भरोसा


वार्ड 25 में जगह-जगह सड़कों के क्षतिग्रस्त होने और गड्ढों की समस्या को लेकर दिए गए ज्ञापन पर आयुक्त सुनील चौधरी ने भरोसा दिलाया कि आगामी दिनों में बोर्ड बैठक के बाद वार्ड 25 ही नहीं, बल्कि नगर परिषद क्षेत्र में आने वाली सड़कों को भी दुरुस्त कराया जाएगा।
पार्षद ने ज्ञापन में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, गड्ढों पर पैचवर्क और अधिक क्षतिग्रस्त मार्गों के पुनर्निर्माण की मांग रखी थी।


आवारा श्वानों की समस्या पर बनेगी विस्तृत कार्ययोजना


वार्ड में आवारा श्वानों के कारण बच्चों और आम नागरिकों को हो रही परेशानी तथा काटने की घटनाओं को लेकर भी ज्ञापन सौंपा गया।
इस पर आयुक्त सुनील चौधरी ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में निराश्रित गौवंश और श्वानों की समस्या से निजात दिलाने के लिए आगामी दिनों में विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसके बाद व्यापक स्तर पर योजना को क्रियान्वित करते हुए समस्या के निराकरण के प्रयास किए जाएंगे।


सफाई व्यवस्था सुधारने और सफाईकर्मी बढ़ाने की बात


वार्ड 25 के बढ़े क्षेत्रफल और सफाई कर्मचारियों की कमी को लेकर भी पार्षद ने नगर परिषद से अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की मांग की।
आयुक्त सुनील चौधरी ने वार्ड 25 सहित पूरे मकराना नगर परिषद क्षेत्र में सफाई व्यवस्था में सुधार लाने की बात कही। उन्होंने आवश्यकता के अनुसार सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की दिशा में भी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।


पार्षद अफसाना ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को सौंपे ज्ञापन में वार्ड 25 में वर्तमान में करीब सात दिन के अंतराल से हो रही पेयजल आपूर्ति को घटाकर 4-5 दिन करने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि लंबे अंतराल के कारण वार्डवासियों, विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलदाय विभाग के अधिकारियों ने इस मांग पर उचित भरोसा दिलाते हुए समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।


छह ज्ञापनों में वार्ड की मूलभूत सुविधाओं का मुद्दा


पार्षद अफसाना द्वारा सौंपे गए छह ज्ञापनों के जरिए वार्ड 25 की अलग-अलग समस्याओं को प्रशासन के सामने रखा गया है। इनमें एक ज्ञापन पेयजल आपूर्ति को लेकर जलदाय विभाग को दिया गया, जबकि बाकी पांच ज्ञापन नगर परिषद आयुक्त सुनील चौधरी को सौंपे गए।
अब अधिकारियों की ओर से दिए गए आश्वासनों के बाद इन समस्याओं पर जमीनी स्तर पर कितनी तेजी से कार्रवाई होती है, यह देखने वाली बात होगी। पार्षद की ओर से चुनाव के बाद शुरुआती दौर में ही वार्ड की समस्याओं को लेकर अधिकारियों के समक्ष ज्ञापन सौंपना वार्ड की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

error: News 1 Rajasthan