मकराना में सांडों का आतंक, फिर हुआ हादसा;गंभीर घायल शख्स को किया रेफर । सभापति बोले- समस्या का प्रभावी समाधान करेंगे

मकराना में सांडों का आतंक, फिर हुआ हादसा

सभापति बोले- प्रभावी समाधान करेंगे, बुधवार को ही ली मीटिंग

मकराना। शहर की सड़कों पर घूम रहे लावारिस सांड और गौवंश अब वाहन चालकों और राहगीरों के लिए लगातार खतरा बनते जा रहे हैं। मकराना में बुधवार को लावारिस गौवंश के कारण एक और हादसा सामने आया। घटना के बाद एक बार फिर शहर में सड़कों पर घूमते सांडों की समस्या को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, नगर परिषद ने अब इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में काम शुरू करने की बात कही है।

जानकारी के अनुसार आज सड़क से गुजर रहे एक व्यक्ति के सामने अचानक लावारिस गौवंश आ गया। उसे बचाने के प्रयास में हादसा हो गया। हादसे में व्यक्ति घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल शख्स को हायर सेंटर रेफर किया गया

पहले भी जा चुकी है युवक की जान

मकराना में लावारिस गौवंश के कारण हादसे का यह पहला मामला नहीं है। कुछ महीने पहले मंगलाना रोड पर 26 वर्षीय सनी वाल्मीकि की दर्दनाक मौत हो गई थी। उस समय सड़क पर गौवंश के आपस में लड़ने के दौरान अचानक एक गौवंश मोटरसाइकिल के सामने आ गया था। हादसे में युवक के सीने में नुकीली वस्तु घुसने से गंभीर चोट आई थी और अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।

पुरानी घटना के बाद भी सड़कों पर लावारिस गौवंश नजर आने और अब फिर हादसा सामने आने से समस्या को लेकर चिंता बढ़ गई है। शहर के कई मार्गों पर सांडों का जमावड़ा देखा जाता है। कई बार सांड सड़क के बीचों-बीच बैठे रहते हैं तो कई बार आपस में लड़ते हुए अचानक वाहन चालकों के सामने आ जाते हैं।

सभापति बोले- इस बारे में ली मीटिंग, जल्द करेंगे स्थायी समाधान

मकराना नगर परिषद के सभापति रियाज गौड़ ने कहा कि शहर में लावारिस गौवंश की समस्या का प्रभावी समाधान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर मीटिंग ली गई है और जल्द ही स्थायी समाधान की योजना पर काम शुरू किया जाएगा।

सभापति ने कहा कि शहरवासियों को लावारिस गौवंश की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर परिषद स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

नंदीशाला या अन्य विकल्प पर जल्द फैसला

मकराना नगर परिषद आयुक्त सुनील चौधरी ने कहा कि शहर में लावारिस गौवंश की समस्या के समाधान के लिए नंदीशाला या अन्य विकल्प पर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर परिषद की ओर से जल्द ही ऐसी व्यवस्था की जाएगी, जिससे शहरवासियों को इस समस्या से निजात मिल सके।

अब हादसों के बाद समाधान का इंतजार

आज फिर हादसा सामने आने के बाद शहरवासियों की नजर अब नगर परिषद की प्रस्तावित कार्रवाई पर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों से लावारिस गौवंश को हटाने के लिए नियमित कार्रवाई के साथ स्थायी व्यवस्था जरूरी है, ताकि सांड दोबारा सड़कों पर न पहुंचें।

एक तरफ सड़कों पर सांडों के कारण हादसों का खतरा बना हुआ है, वहीं नगर परिषद ने अब स्थायी समाधान की योजना बनाने की बात कही है। अब देखना होगा कि मीटिंग और योजना के बाद यह समस्या वास्तव में सड़कों से कितनी दूर होती है।

error: News 1 Rajasthan