बहुचर्चित रमेश रुलानिया हत्याकांड में पुलिस को एक और कामयाबी, हत्या के लिए हथियार उपलब्ध करवाने वाला राहुल गिरफ्तार

बहुचर्चित रमेश रुलानिया हत्याकांड में पुलिस को एक और कामयाबी, हत्या के लिए हथियार उपलब्ध करवाने वाला राहुल गिरफ्तार

दिल्ली से प्रोडक्शन वारंट पर कुचामन लाया गया आरोपी, एक दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर की पूछताछ

कुचामन सिटी। साल 2025 के बहुचर्चित कारोबारी रमेश रुलानिया हत्याकांड में कुचामन सिटी पुलिस ने एक और कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने रमेश रुलानिया की हत्या के लिए हथियार और कारतूस उपलब्ध करवाने वाले एक और आरोपी राहुल उर्फ मोटा को गिरफ्तार किया है। आरोपी को दिल्ली पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर एनआई एक्ट कोर्ट, कुचामन सिटी में पेश किया, जहां से कुचामन पुलिस ने उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। पुलिस ने आरोपी से हत्या की साजिश और हथियारों की सप्लाई को लेकर पूछताछ की और न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया ।

राहुल और साहिल ने उपलब्ध करवाए थे दो पिस्टल, कारतूस और मैगजिन


थानाधिकारी राजेंद्र कुमार खदाव के अनुसार, अनुसंधान के दौरान सामने आया कि आरोपी राहुल और उसके साथी साहिल ने पूर्व में गिरफ्तार आरोपी जितेंद्र सिंह चारण उर्फ जीतू चारण को रमेश रुलानिया की हत्या के लिए दो पिस्टल, कारतूस और मैगजिन उपलब्ध करवाए थे। पुलिस के मुताबिक यह हथियार वीरेंद्र चारण और रोहित गोदारा के कहने पर उपलब्ध करवाए गए थे। बाद में इन्हीं हथियारों से गणपत गुर्जर सहित अन्य आरोपियों ने जिम में रमेश रुलानिया की हत्या को अंजाम दिया।

पहले गिरफ्तार हो चुका है राहुल का साथी साहिल

पुलिस के अनुसार राहुल के साथ हथियार उपलब्ध करवाने में शामिल साहिल को 23 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार किया जा चुका है और वह वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में है। राहुल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब दोनों की भूमिका, हथियारों की सप्लाई और हत्याकांड की साजिश से जुड़े अन्य कनेक्शन की पड़ताल कर रही है।

मुन्नवर फारूकी की भी बैंगलोर में की थी रैकी

पूछताछ में आरोपी राहुल ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी साहिल के साथ सितंबर माह में बैंगलोर में मशहूर कॉमेडियन मुन्नवर फारूकी की रैकी की थी। दोनों ने फायरिंग कर उनकी हत्या का प्रयास करने की योजना बनाई थी, लेकिन यह प्रयास सफल नहीं हो सका। पुलिस अब इस मामले में राहुल की भूमिका और उसके आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

कई गंभीर आपराधिक मामलों में आरोपी है राहुल

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राहुल उर्फ मोटा पुत्र रामपाल उर्फ रामफल, जाति जाट, उम्र 29 वर्ष, निवासी जौरासी खास, थाना समालखा, जिला पानीपत, हरियाणा का आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में हत्या, फायरिंग, हथियार और संगठित अपराध से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
राहुल के खिलाफ थाना रादौर, जिला यमुनानगर हरियाणा में तीन शराब कारोबारियों की हत्या से संबंधित मामला दर्ज है। इसके अलावा स्पेशल सेल दिल्ली में फायरिंग का प्रकरण, थाना गंगाशहर, जिला बीकानेर में हत्या एवं हथियारों से संबंधित मामला तथा थाना बहुअकबरपुर, जिला रोहतक हरियाणा में हत्या और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामला भी दर्ज है।

जिम में हुई थी रमेश रुलानिया की हत्या

गौरतलब है कि 7 अक्टूबर 2025 को कारोबारी रमेश रुलानिया रोजाना की तरह सुबह करीब 5.20 बजे घर से जिम के लिए निकले थे। जिम में कसरत के दौरान एक युवक अंदर आया और रमेश रुलानिया पर फायरिंग कर फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल रुलानिया को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। परिजनों ने पुलिस को बताया था कि रमेश रुलानिया को पहले भी जान से मारने की धमकियां मिली थीं।

हत्या की साजिश में अब तक कई गिरफ्तारियां

इस बहुचर्चित हत्याकांड की जांच में पुलिस पहले भी कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस की जांच में हत्याकांड के लिए शूटरों को तैयार करने, हथियार उपलब्ध कराने और गैंग से जुड़े लोगों के बीच संपर्क की कड़ियां सामने आई थीं। अब राहुल की गिरफ्तारी के बाद हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क की एक और महत्वपूर्ण कड़ी पुलिस के हाथ लगी है।

थानाधिकारी राजेंद्र खदाव बोले—पूछताछ में सामने आए तथ्यों की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं

थानाधिकारी राजेंद्र कुमार खदाव ने बताया कि राहुल को प्रोडक्शन वारंट पर कुचामन लाकर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में रमेश रुलानिया हत्याकांड के लिए हथियार उपलब्ध करवाने में उसकी भूमिका सामने आई है। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपी से हथियारों की सप्लाई, अन्य आरोपियों से उसके संपर्क और हत्याकांड की साजिश से जुड़े प्रत्येक पहलू पर गहन पूछताछ कर रही है। खदाव ने कहा कि मामले में सामने आ रही हर कड़ी को जोड़कर हत्याकांड की पूरी साजिश में शामिल लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

इस पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

यह कार्रवाई थानाधिकारी राजेंद्र खदाव के नेतृत्व में की गई। टीम में हेड कांस्टेबल रोहिताश सिंह, कांस्टेबल केसाराम, कांस्टेबल बनवारी लाल और कांस्टेबल देवी लाल शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि आरोपी से जारी पूछताछ में आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।

error: News 1 Rajasthan